अर्चना कुमारी। गणतंत्र दिवस के दिन महिला से हुई हैवानियत मामले को लेकर 20 लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि विवेक विहार के कस्तूरबा नगर इलाके में 26 जनवरी को 20 वर्षीय महिला के साथ हुई हैवानियत के मामले में एसआईटी ने दो और लोगों को रविवार को धर दबोचा ।
इनकी पहचान मुख्य आरोपी राजेश (43) और ऑटो मालिक दर्शन सिंह (41) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद से ही लगातार आरोपी राजेश और दर्शन सिंह फरार चल रहे थे। जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी महिलाएं व लड़के पीड़िता को दर्शन सिंह के ऑटो में अगवा कर कड़कड़डूमा से कस्तूरबा नगर लेकर आए थे। इसके बाद उसके साथ हैवानियत की गई।
पुलिस ने दावा किया है कि राजेश की पत्नी व दो बेटियों को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि राजेश लगातार पुलिस को चकमा दे रहा और पुलिस अब तक 12 महिलाओं, चार पुरुषों के अलावा तीन नाबालिग लड़कों व एक नाबालिग लड़की समेत कुल 20 लोगों को दबोच चुकी है। पुलिस के अनुसार एक सूचना के बाद आरोपी राजेश और दर्शन सिंह को इलाके से दबोचा गया।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी कस्तूरबा नगर निवासी दर्शन सिंह के ऑटो में अगवा कर लाए थे। छानबीन के दौरान दर्शन ऑटो समेत फरार था। पुलिस ने दबिश दी तो आरोपी ऑटो इलाके में खड़ाकर फरार हो गया था। पुलिस ने ऑटो बरामद कर लिया था। लेकिन दर्शन लगातार फरार चल रहा था। वहीं जांच में राजेेश की पत्नी और उसकी बेटियों से पूछताछ के बाद उसके नाम का खुलासा हुआ था।
पुलिस लगातार दर्शन व राजेश की तलाश कर रही थी। रविवार को एक सूचना के बाद एसआईटी ने दोनों आरोपियों को विवेक विहार इलाके से दबोच लिया। गौरतलब है कि कस्तूरबा नगर इलाके में 26 जनवरी के दिन आरोपियों ने एक महिला को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और महिला के बाल कांटने के बाद उसका मुंह काला कर उसे पूरे इलाके में घुमाया गया था।