आईएसडी नेटवर्क। बॉक्स ऑफिस पर डायनासोर्स ने खूब धमाल मचाया है। जुरासिक वर्ल्ड : डोमिनियन ने अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए पूरे विश्व से तीन हज़ार करोड़ बटोर लिए। कमल हासन की ‘विक्रम’ 300 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। दक्षिण से बॉक्स ऑफिस पर एक नई एंट्री हुई है। एक कुत्ते और उसके मालिक के प्रेमिल संबंधों पर बनी 777:चार्ली ने दर्शकों का मन जीत लिया है। सम्राट पृथ्वीराज के कलेक्शन अब एक करोड़ प्रतिदिन पर पहुँच गए हैं। अक्षय कुमार की ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एक हादसा सिद्ध हुई है।
कन्नड़ फिल्म 777:चार्ली अन्य भाषाओं में भी प्रदर्शित की गई है। मूलतः कन्नड़ भाषा में बनी इस फिल्म को किरणराज के. ने निर्देशित किया है। ये फिल्म तमिल, तेलुगु, मलयालम और हिन्दी भाषा में डब कर प्रदर्शित की गई है। पहले सप्ताह में 777:चार्ली ने देश और विदेश में 32 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। फिल्म का बजट महज 25 करोड़ है। इस हिसाब से फिल्म पहले ही सप्ताह में अपनी लागत वसूल कर हिट की ओर बढ़ चुकी है।
हिन्दी पट्टी और तेलुगु में फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म का कथानक और निर्देशन की शैली दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। अगले सप्ताह तक इसके कलेक्शन और बढ़ जाएंगे। बहुत दिन बाद बॉक्स ऑफिस वयस्क से बचकाना होता दिखाई दे रहा है। ये फिल्म बच्चों को बहुत भा रही है। कमल हासन की विक्रम के कलेक्शन अब भी थमने को तैयार नहीं है। ये फिल्म ब्लॉकबस्टर हो चुकी है।
विक्रम ने हिन्दी पट्टी में कम कलेक्शन किया है, इसके विपरीत तमिल और ओवरसीज में इसे अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। गत शुक्रवार प्रदर्शित हुई बॉलीवुड फिल्म जन हित में जारी को देखने के लिए दर्शकों ने उत्साह नहीं दिखाया। नुसरत भरुचा की मुख्य भूमिका वाली ये फिल्म चार दिन में चार करोड़ का कलेक्शन भी नहीं कर सकी है। फिल्म की विषयवस्तु बोल्ड है और सपरिवार इसे देखा नहीं जा सकता। न ही फिल्म में कोई बड़ा सितारा है।
इस कारण से फिल्म पहले ही सप्ताह में ढेर हो गई है। राजपाल यादव की ‘अर्ध’ डार्क हॉर्स सिद्ध हुई है। फिल्म का बजट इसके लिए फायदेमंद रहा। एक करोड़ के मामूली बजट से बनी अर्ध ने चार दिन में सात करोड़ का कलेक्शन किया है। अगले सप्ताह भाग्यश्री के बेटे अभिमन्यु दासानी की निकम्मा प्रदर्शित होने जा रही है। इस सप्ताह कोई बड़ी रिलीज न होने के कारण पहले से चल रही फिल्मों को लाभ मिलने की संभावनाएं दिखती है।