आईएसडी नेटवर्क। प्रख्यात अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक का निधन हो गया है। उन्होंने 67 साल की आयु में आखिरी सांस ली। सतीश कौशिक के नज़दीकी दोस्त अभिनेता अनुपम खेर ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर एक पोस्ट द्वारा कौशिक के निधन की सूचना दी। बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हुई है। पोस्टमार्टम के बाद सतीश कौशिक का शव गुरुग्राम से मुंबई लाया जाएगा।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार सतीश कौशिक दिल्ली-एनसीआर में थे और किसी से मिलने जा रहे थे। तभी कौशिक को कार में ही दिल का दौरा पड़ गया। उनका शव गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में रखा गया था। पोस्टमार्टम होने के बाद शव मुंबई लाया जाएगा। सतीश कौशिक अभिनेता, निर्देशक, निर्माता, कॉमेडियन और पटकथा लेखक थे। वे एक बहुमुखी प्रतिभा थे। सतीश ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा एंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से अभिनय सीखा था।
थियेटर से अपना कॅरियर शुरु करने के बाद उन्होंने ‘मिस्टर इंडिया’, ‘दीवाना मस्ताना’, ‘साजन चले ससुराल’ जैसी कई फिल्मों में काम किया। सतीश ने ‘रूप की रानी चोरों का राजा’, ‘प्रेम’, ‘हम आपके दिल में रहते हैं’ और ‘तेरे नाम’ जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया है। कौशिक की अंतिम फिल्म ‘कागज़’ थी। सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिका में थे। सतीश कौशिक ने इस फिल्म का निर्देशन किया था। वे अंतिम समय तक अभिनय और निर्देशन में सक्रिय रहे।
हाल ही में ओटीटी पर भी नज़र आए। ‘थार’, शर्मा जी नमकीन, छलांग, जजमेंटल है क्या जैसी फिल्मों में कौशिक अभिनय करते दिखाई दिए थे। अनिल कपूर के साथ फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ में कौशिक को ‘कैलेंडर’ नामक कैरेक्टर से पहचान मिली थी। उसके बाद वे आगे बढ़ते चले गए। कौशिक के निधन के बाद फिल्म उद्योग की जानी मानी हस्तियों के शोक संदेश आना शुरु हो गए। कौशिक का शव आज उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।