आईएसडी नेटवर्क। टीवी उद्योग की एक प्रसिद्ध अभिनेत्री तुनिशा शर्मा की लाश फंदे से लटकती हुई मिली है। ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। लाश उसी सेट पर मिली है, जहाँ तुनिशा एक सीरियल की शूटिंग कर रही थीं। टीवी इंडस्ट्री में तुनिशा की पहचान ‘अलीबाबा: दास्तान ए काबुल’ के जरिये बनी थी। ये मामला संदिग्ध दिखाई दे रहा है क्योंकि शव मिलने से पांच घंटे पहले ही तुनिशा ने एक अच्छे मूड का इंस्टाग्राम पोस्ट किया था। तुनिशा की आयु महज बीस साल थी।
जानकारी आ रही है कि शनिवार को तुनिशा शर्मा वसई के एक स्टूडियो में एक सीरियल की शूटिंग कर रही थीं। वे यहाँ अपने शॉट के लिए मैकअप करा रही थीं। इसके बाद वे उठकर अपने को-एक्टर शिजान के मेकअप रुम में चली गईं। इसके कुछ देर बाद शिजान अपना शॉट देकर रुम की ओर गए। रुम का दरवाज़ा कई बार बजाने के बाद भी नहीं खोला गया।
इसके बाद शिजान ने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर दरवाज़ा तोड़ दिया। यहाँ उन्हें तुनिशा को फंदे पर लटकता पाया। इस समय दोपहर लगभग 3.45 का समय हो रहा था। सेट पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार तुनिशा का पहले ही निधन हो चुका था। बाद में उनका शव भिवाड़ी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मात्र बीस साल की तुनिशा बहुत खुशमिजाज थी। उन्हें हमेशा सह कलाकारों के साथ मज़ाक-मस्ती करते देखा जाता था। उन्हें ‘फितूर,’ ‘कहानी 2-, दुर्गा रानी सिंह’ और ‘दबंग 3’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय करते देखा गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस स्टूडियो पहुँच गई थीं। जानकारी मिलने तक पुलिस ने शूटिंग के क्रू को कहीं भी जाने से रोक दिया और जांच शुरु कर दी।
अभी ये कहना जल्दबाज़ी होगी कि तुनिशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है क्योंकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और शक इस बात पर भी हो रहा है कि मौत से पांच घंटे पहले और ठीक आधा घंटा पहले तक तुनिशा खुश दिखाई दे रही थीं। अंतिम पलों के फुटेज में भी उनके चेहरे से कोई तनाव झलकता हुआ नहीं दिखाई दे रहा था।
ये भी पढें– तुनिशा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में शीजान खान गिरफ्तार