अर्चना कुमारी। विवेक विहार इलाके में अमेरिकी 62 वर्षीय महिला ने टूरिस्ट गाइड पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। आरोप है कि आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो व वीडियो लेकर उसे ब्लैकमेल कर 35 हजार यूएस डॉलर भी वसूल लिये। महिला 2017 से 2022 के बीच कई बार भारत आई। इस दौरान वह आरोपी के साथ रही।
लेकिन जब पीड़िता को आरोपी की हकीकत का पता चला तो उसने मामले की शिकायत आगरा पुलिस से की। पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में अमेरिकी दूतावास ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को लिखा, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया।पुलिस ने दूष्कर्म समेत दूसरी धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी शाहदरा निवासी गगनदीप (32) को गिरफ्तार कर लिया है। गगनदीप को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह अमेरिकी नागरिक है। उसके पिता व पति की मौत हो चुकी है। वर्ष 2017 के शुरुआती माह में वह अपने रिश्तेदार के साथ घूमने के लिए भारत आई थी। इस बीच वह अलग-अलग जगह घूमती रही। नवंबर-2017 में ताजमहल घूमने के लिए आगरा चली गई। यहां उसे टूरिस्ट गाइड गगनदीप मिला।
बातचीत के बाद आरोपी पीड़िता से घुलमिल गया। उसने कुर्ती का नाम लेने के बहाने पहले उसे गलत तरीके से छुआ। बाद में हुक्के में नशीला पदार्थ मिलाकर होटल में ही पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बाद में इसका विरोध किया तो आरोपी प्यार का इजहार कर शादी करने की बात करने लगा।
आरोपी ने पीड़िता से कहा कि भले ही दोनों के बीच उम्र का अंतर है, लेकिन वह उसके लिए कुछ भी कर सकता है। आरोपी पीड़िता का विश्वास जीतकर उसे अपने साथ दिल्ली ले आया। यहां वह विवेक विहार के सूरजमल विहार अपने घर के घर पहुंचा। महिला व गगनदीप ने सहमति संबंध में रहना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
लॉक डाउन हुआ तो पीड़िता वापस अपने देश लौट गई। इसके बाद भी आरोपी लगातार उसके संपर्क में रहा। आरोपी ने पीड़िता से उसके अश्लील फोटो और वीडियो प्राप्त कर लिये। महिला का आरोप है कि इसके आधार पर आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर 35 हजार डॉलर वसूल लिये। पीड़िता लगातार भारत आते-जाती रही।भारत आने के बाद वह आरोपी के साथ ही रहती थी।
इस दौरान वर्ष 2021 में पीड़िता को पता चला कि आरोपी के कई अन्य महिलाओं से संबंध हैं। वह उनको धमका रहा है। पीड़िता को आरोपी की हकीकत का पता चला तो उसने आगरा पुलिस से शिकायत की, लेकिन वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई।बाद में महिला ने अपने दूतावास का दरवाजा खटखटाया।