आईएसडी नेटवर्क। विश्व के सबसे बड़े पौराणिक काव्य ग्रंथ ‘महाभारत’ को लेकर दो निर्माताओं की ओर से आधिकारिक रुप से फिल्म बनाने की घोषणा कर दी गई है। इसके अलावा एस.एस.राजामौली भी जल्द ही महाभारत पर फिल्म बनाने की घोषणा कर सकते हैं। फिल्म निर्माता मधु मांटेना डिज्नी के साथ मिलकर 300 करोड़ की लागत से महाभारत पर वेबसीरीज का निर्माण करने जा रहे हैं। फिल्म निर्माता फिरोज नाडियाडवाला ने भी महाभारत पर फिल्म बनाने की घोषणा कर डाली है। नाडियाडवाला की फिल्म का बजट लगभग 700 करोड़ होगा।
महाभारत और रामायण पर इन दिनों कई प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। फिल्म निर्देशक नितेश तिवारी सन 2023 से रामायण पर आधारित फिल्म की शूटिंग शुरु करने जा रहे हैं। इस वर्ष ही निर्देशक ओम राउत रामायण पर आधारित ‘आदिपुरुष’ लेकर आ रहे हैं। फिल्म में प्रभास और सैफ अली खान मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिरोज नाडियाडवाला की महाभारत आधारित फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम शुरु कर दिया गया है।
ये फिल्म सन 2025 तक बनकर रिलीज हो सकती है। फिल्म में अक्षय कुमार, अजय देवगन, रणवीर सिंह, परेश रावल, नाना पाटेकर, अनिल कपूर को मुख्य भूमिकाओं में लिया जा सकता है। वैसे डिज्नी और मधु मांटेना महाभारत की इस लड़ाई में सबसे आगे दिखाई दे रहे हैं। उनकी टीम ने महाभारत के जो विजुअल प्रस्तुत किये है, वे बहुत शानदार हैं। फिरोज नाडियाडवाला की फिल्म की स्क्रिप्ट अभी बनकर तैयार नहीं है।
इस खेल में आज के शो मैन डायरेक्टर एस.एस.राजामौली की एंट्री भी हो सकती है। मीडिया में समाचार है कि राजामौली भी महाभारत पर फिल्म बनाने की घोषणा कर सकते हैं। यदि वे इस खेल में उतरते हैं तो मधु मांटेना और फिरोज नाडियाडवाला को कड़ी चुनौती मिल सकती है। हालाँकि अब तक राजामौली ने आधिकारिक रुप से इस बारे में कुछ नहीं कहा है। फ़िलहाल तो वे तेलुगु अभिनेता रमेश बाबू के साथ मिलकर अपनी अगली फिल्म की तैयारी कर रहे हैं। कुल मिलाकर भविष्य में महाभारत पर ‘महाभारत’ मचना तय लग रहा है।