विपुल रेगे। लेडीबग एक पेशेवर हत्यारा है। वह एक ब्रीफकेस चुराने के लिए बुलेट ट्रेन में चढ़ा है। ट्रेन टोक्यो से कोयोटो जा रही है। ट्रेन पर तीन पेशेवर हत्यारे भी सवार हैं। इनमे कुख्यात हिटमैन ब्रदर्स भी हैं, जो एक युवक को लेकर जा रहे हैं। ट्रेन में यात्रा कर रही लड़की की कथा भी बाकी लोगों से जुड़ी हुई है। ये हॉलीवुड का रक्तरंजित सिनेमा है। भारी रक्तपात के बीच ये फिल्म दर्शक को अहसास कराती है कि मन को लुभाने वाली फिल्म मेकिंग क्या होती है।
इस बात पर अवश्य बहस हो सकती है कि ‘बुलेट ट्रेन’ में भयंकर रक्तपात दिखाया गया है। चूँकि इस ट्रेन में चार पेशेवर हत्यारे यात्रा कर रहे हैं तो रक्तपात के बिना फिल्म कैसे बनेगी। इसमें रक्तपात से बढ़कर सुंदर और सुव्यवस्थित फिल्म मेकिंग देखने को मिलती है, जो दर्शक को बांधे रखने के लिए काफ़ी है। संभवतः इस वर्ष की ये पहली हॉलीवुड फिल्म है, जिसने रंग जमाया है। वैश्विक दर्शक अब मार्वल और अंतरिक्ष देखते-देखते बुरी तरह उकता गया है और अब उसे पुनः जमीन पर बनी फ़िल्में देखने की दरकार है।
इस एक्शन-थ्रिलर ने सिनेमा का ट्रेंड बदलने का प्रयास किया है। फिल्म में भाग्य एक बड़ी भूमिका निभाता है। लेडीबग स्वयं को दुर्भाग्यशाली समझता है लेकिन इस यात्रा के अंत में पता चलता है कि सबसे बड़ा भाग्यशाली वही है। हिटमैन ब्रदर्स की जोड़ी दर्शक को पसंद आती है। टेंगरिन और लेमन की इस जोड़ी ने बराबरी से दर्शकों का दिल जीता है। ऐसा नहीं है कि इस एक्शन फिल्म में अभिनय पक्ष पर ध्यान नहीं दिया गया। कलाकारों के चरित्र को बखूबी उकेरा गया है।
हर कलाकार बेजोड़ दिखाई देता है। सुपरस्टार ब्रेड पिट जब भी परदे पर आते हैं, मन जीत लेते हैं। वे फिल्म में केंद्रीय भूमिका में हैं और जबरदस्त ढंग से उन्हें प्रस्तुत किया गया है। जोय किंग, एरोन टेलर जॉनसन और ब्रायन हेनरी ने तो कमाल ही कर दिया है। अश्वेत अभिनेता ब्रायन हेनरी और एरोन की मित्रता का रसायन भावुकता के साथ प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में एक और पात्र है ‘व्हाइट डेथ।’ माइकल शेनन ने इस किरदार को जीवंतता के साथ प्रस्तुत किया है।
माइकल शेनन के अविस्मरणीय अभिनय से फिल्म का अंत बड़ा ही रोमांचक हो जाता है। फिल्म के निर्देशक डेविड लीच हैं। डेविड ने निर्देशक के रुप में आठ फ़िल्में बनाई हैं। उनका सबसे अच्छा काम 2019 में आई फ़ास्ट एंड फ्यूरियस : हॉब्स एंड शॉ में दिखा था। बुलेट ट्रेन के बाद निश्चित ही उन्हें एक प्रभावशाली निर्देशक के रुप में याद किया जाएगा। भारत में फिल्म की ओपनिंग बहुत धीमी रही है। फिल्म ने पहले दिन भारत में एक करोड़ का कलेक्शन किया है।
भारत को छोड़ दे तो संपूर्ण विश्व में ये फिल्म आय का नया कीर्तिमान बनाने जा रही है। ये फिल्म केवल और केवल वयस्क दर्शकों के लिए है। यदि आप रक्तपात से भरी एक उत्कृष्ट एक्शन थ्रिलर देखना पसंद करते हैं तो आपका सप्ताहांत मनोरंजक होने की पूरी गारंटी है। कमज़ोर मन वाले, बच्चे और गर्भवती स्त्रियों के लिए ये फिल्म उपयुक्त नहीं होगी।