आईएसडी नेटवर्क। शुक्रवार को रिलीज हुई ‘अवतार : द वे ऑफ़ वॉटर‘ ने बॉक्स ऑफिस फिर से जगमगा दिया है। पहले वीकेंड में फिल्म ने भारत में 130 करोड़ नेट कलेक्शन कर डाला है। अंग्रेजी एडिशन में इसे सबसे अधिक कलेक्शन मिलते दिख रहे हैं। जेम्स कैमरन के इस सेकंड एडिशन ने वर्ल्ड वाइड 3600 करोड़ का कलेक्शन कर सिद्ध कर दिया कि वे आज भी बॉक्स ऑफिस के किंग हैं। कैमरन का ये खौफ है कि उनकी फिल्म के सामने बॉलीवुड की कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हुई है।
‘अवतार : द वे ऑफ़ वॉटर’ को भारत में दर्शकों का भरपूर प्रेम मिल रहा है। इसका पहला भाग अब से तेरह वर्ष पहले सन 2009 में प्रदर्शित किया गया था। फिल्म की एडवांस बुकिंग से ही अनुमान था कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार एंट्री लेगी। पहले दिन फिल्म ने अंग्रेजी, हिन्दी, तेलुगु, मलयालम और तमिल में 38 करोड़ से अधिक का कलेक्शन किया। इसमें अंग्रेज़ी एडिशन ने सबसे अधिक कलेक्शन किया है।
अंग्रेज़ी एडिशन में फिल्म ने अब तक 65 करोड़ बटोर लिए हैं। रविवार को फिल्म ने सबसे अधिक कलेक्शन करते हुए सौ करोड़ क्लब में आसानी से एंट्री ले ली। सोमवार को फिल्म की बुकिंग लगभग छह करोड़ हुई है। अनुमान है कि सोमवार को भी फिल्म के बेहतर कलेक्शन की गति बरक़रार रहने वाली है। रविवार तक फिल्म 200 करोड़ का कलेक्शन का आंकड़ा छू सकती है।
‘अवतार : द वे ऑफ़ वॉटर’ का ओवरसीज कलेक्शन भयंकर गति से बढ़ रहा है। रविवार तक फिल्म ने वर्ल्ड वाइड 3600 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। पिछले सप्ताह रिलीज हुई ‘सलाम वैंकी’ टिकट खिड़की पर डूब चुकी है। इसने अब तक तीन करोड़ का ही कलेक्शन किया है। इस हिसाब से लागत वसूल हो पाना मुश्किल है। आयुष्यमान खुराना की ‘एन एक्शन हीरो’ का सफर भी बिना धमाका किये समाप्त हो चुका है।
वरुण धवन की ‘भेड़िया’ मुश्किल से लागत वसूल कर सकी है और इसका सफर भी समाप्त हो गया है। अगले शुक्रवार एक ही बड़ी फिल्म ‘सर्कस’ रिलीज होगी। रोहित शेट्टी की इस फिल्म के आगे और कोई फिल्म रिलीज नहीं की जा रही है। ‘सर्कस’ को एडवांस बुकिंग मात्र 22 लाख की ही मिल रही है। पहले दिन की इतनी कम बुकिंग देखकर लग रहा है कि फिल्म को सामान्य ओपनिंग ही मिलेगी।