पृथ्वी पर किसी गुप्त स्थान पर स्थित वकांडा साम्राज्य का सजीला साहसी राजा टी’चाला अब गहरी नींद सो चुका है। वकांडा का वह काला चीता दुनिया में ब्लैक पैंथर के नाम से जाना जाता था। विश्व के सिनेमाई दर्शकों में वह बड़ा लोकप्रिय चरित्र था। हैरानी की बात है कि उसके आधे प्रशंसक उसके असली नाम कैडविक बोसमैन से नहीं जानते थे। वह तो ब्लैक पैंथर के नाम से प्रसिद्ध था। बुराई से लड़ने वाला ये अश्वेत पात्र बच्चों से लेकर वृद्ध दर्शकों में बहुत लोकप्रिय था।
कैडविक अब हमारे बीच नहीं है। अब उसकी फ़िल्में हैं, उसने जुड़ी उसकी अनगिनत स्मृतियाँ शेष है। वह एक भला इंसान था इसलिए उसे कैंसर से लड़ने के बावजूद अच्छी मृत्यु भाग्य में आई। बोसमैन जब दुनिया छोड़कर गया, उसके सिरहाने उसकी पत्नी और पूरा परिवार था। वह निर्जीव अस्पताल में नहीं मरना चाहता था, वह अपनों के बीच रहकर संसार छोड़ना चाहता था।
यही कोई बारह वर्ष पहले उसने अभिनय करना शुरू किया। बोसमैन ने टीवी की दुनिया से फिल्मों में कदम रखा। सोलह टेलीविजन सीरीज में अभिनय करने के बाद उसने फिल्मों की ओर रुख किया। The Express: The Ernie Davis Story उसकी पहली फिल्म थी, जो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई।
इसके बाद 42 की सफलता ने बोसमैन के लिए हॉलीवुड के चमचमाते दरवाज़े खोल दिए। ये एक बायोग्राफिकल स्पोर्ट्स फिल्म थी, जिसमे बोसमैन की प्रतिभा पहचानी गई। सन 2016 में पहली बार मार्वल की फिल्मों में ब्लैक पैंथर नामक कैरेक्टर की एंट्री हुई। Captain America: Civil War में बोसमैन सूट पहने ब्लैक पैंथर के रूप में दिखाई दिया। इस छोटे से रोल में उन्हें नोटिस किया गया।
मार्वल के निर्माताओं ने तय कर लिया कि भविष्य में वे ब्लैक पैंथर के जन्म की कहानी पर एक फिल्म बनाएँगे और हीरो बोसमैन को ही लिया जाएगा। वे जानते थे कि बोसमैन के भीतर एक करिश्मा है और वे उसे अश्वेतों के नायक के रूप में भी स्थापित कर सकते हैं। इसके दो साल बाद सन 2018 में मार्वल के निर्माताओं ने अपनी कल्पना को जमीन दी। बोसमैन Black Panther से विश्वपटल पर एक लोकप्रिय अभिनेता बनकर उभरा। बोसमैन कॅरियर के सबसे स्वर्णिम पल देख रहा था लेकिन एक दुःख उसके साथ चल रहा था, जिसके बारे में वह और उसकी पत्नी ही जानती थी।
सन 2016 में ही बोसमैन को पता चल गया था कि वह कोलोन कैंसर की तीसरी स्टेज में है। जाहिर है इस रोग का पता उसे बहुत देर से चला। इसके बावजूद बोसमैन काम करता रहा और अपने भीतर पल रहे इस शत्रु से द्वन्द करता रहा। इसी अवस्था में उसने Avengers: Infinity War और Avengers: Endgame में काम किया।
ईश्वर ही जानता है कि बोसमैन के भीतर इतनी ऊर्जा कैसे आ रही थी कि ऐसी बीमारी में भी वह ब्लैक पैंथर का सूट बिना किसी शिकन पहनता रहा। उसकी बीमारी की बात उसके को-स्टार्स को भी मालूम नहीं थी कि इस हँसते चेहरे के पीछे कितना बड़ा दुःख छुपा बैठा है। विधाता भी कैसी विचित्र लीला रचता है। बोसमैन को उसके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि जिस वर्ष हासिल हुई, उसी वर्ष उसे कैंसर होने का पता चला। वह सच्चा कलाकार था। अपने भयंकर रोग से लड़ते हुए कला कर्म करता रहा।
इस रोग के पता चलने से पहले बोसमैन Taylor Simone Ledward के साथ डेट कर रहा था। सिमोन एक गायिका हैं और बोसमैन के साथ गंभीर रिश्ते में थीं। एक वर्ष बाद जब उन्हें पता चला कि बोसमैन के जीवन का कोई भरोसा नहीं है तो भी उन्होंने उसके साथ विवाह किया। सन 2019 में दोनों ने विवाह कर लिया था। सिमोन को अहसास था कि काला चीता शायद अधिक जी नहीं सकेगा। अब सिमोन के पास केवल बोसमैन की स्मृतियाँ बची रह गई है। वह बोसमैन के संघर्ष के दिनों से लेकर उनकी मौत के दिन तक उनके साथ बनी रही। शायद इसे ही आदर्श रिलेशनशिप कहा जाता है।
ब्लैक पैंथर -2 में बोसमैन काम करने वाला था। ये फिल्म 2022 में प्रदर्शित होने वाली थी। अब ये फिल्म खटाई में पड़ गई है। बोसमैन के लाखों प्रशंसक मार्वल पर दबाव बना रहे हैं कि ये फिल्म रद्द कर दी जाए। वे बोसमैन के सिवा उस ब्लैक सूट में किसी और को नहीं देख पाएंगे। निश्चित ही उसके प्रशंसकों की भावनाओं का ज्वर उफान पर है।
क्या ऐसा नहीं हो सकता कि मार्वल नई कॉस्टिंग करने के बजाय ब्लैक पैंथर-2 को एनिमेशन में बनाए। बेहतरीन कम्प्यूटर ग्राफिक्स की सहायता से बोसमैन की छवि पुनः जीवित की जाए। ये उस काले चीते को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हालाँकि ऐसा करने से फिल्म का बजट तीन गुना बढ़ सकता है। मार्वल अपने सुपरहीरो को ट्रिब्यूट देने के लिए इतना तो कर ही सकते हैं।
बोसमैन साऊथ कैरोलिना में पला-बढ़ा। कैरोलिना की गलियों में ही उसका बचपन बीता। वह खुद को Krio people का वंशज बताता था। उसके डीएनए परीक्षण से सिद्ध हुआ था कि उसके पूर्वज वेस्ट इंडीज से थे। अमेरिका के घृणित अतीत में अश्वेतों से अत्याचार और उन्हें गुलाम बनाकर खरीदने बेचने की परंपराएं चलन में थी।
उस दौर में भी अश्वेतों का एक वर्ग हुआ करता था। इन्हे freed African American कहा जाता था। उन्हें गुलाम नहीं बनाया जा सकता था। बोसमैन एक ऐसा अश्वेत था, जिसके डीएनए में ही दास प्रथा नहीं थी। वह स्वतंत्र जिया, स्वतंत्र मरा। शायद यही वह छुपी हुई किलर स्टिन्क्ट थी, जिसने उसे ब्लैक पैंथर बनाया। अलविदा काले चीते, तुम्हारी नई यात्रा पुनः शुरू हो और तुम फिर किसी वकांडा का उगता सूर्य देखो।