स्त्री का मातृत्व एक निजी अनुभूति है। ये अनुभूति उसके और उसके परिवार की निजी थाती होती है। अपने सात माह के गर्भ के साथ फोटो सेशन करवाने की परंपरा भारत में बढ़ती जा रही है। इस बात पर सहमति-असहमति बन सकती है कि ‘बेबी बम्प’ दिखाया जाए या नहीं। भारत के सेलेब्रेटीज में ये वाला फोटो शूट करवाना ‘स्टेटस सिंबल’ का रुप ले चुका है।
नग्नता और अश्लीलता उदार भाव से लेने के बाद हम अमेरिकन समाज की अन्य परंपराओं को समर्पित भाव से अपनाते जा रहे हैं। हर देश की भिन्न संस्कृति होती है। उस संस्कृति के अनुरुप वहां की जीवनशैली विकसित होती है। वह जीवनशैली वहां की फिल्मों, मीडिया और ख्यात लोगों के आचार-विचार में झलकती है। यदि ऐसा नहीं होता तो मान लेना चाहिए कि अमुक देश में ‘संस्कृति का निर्वहन’ नॉर्मल नहीं हो पा रहा है।
हमने पश्चिम से ‘बेबी बम्प’ उठाया तो साथ ही और भी बहुत सी बातें उधार ले आए हैं। आज विदेश में बैठा कोई व्यक्ति जब भारत का न्यूज़ चैनल लगाता है तो उसे हमारे न्यूज़ एंकर्स पश्चिमी लिबास में ही दिखाई देते हैं। हज़ारों किमी दूर बैठा वह दर्शक हमारे एंकरों के पहनावे से अनुमान नहीं लगा पाता कि भारत की वह पोशाक कौनसी है, जिसमे उसकी संस्कृति झलकती है। ‘एनडीटीवी’ की निधि कुलपति को छोड़ दे तो कोई भी महिला एंकर साड़ी पहने नहीं दिखाई देती।
भारत की संस्कृति फिल्मों, मीडिया और ख्यात व्यक्तियों के व्यवहार से झलकनी चाहिए। लेकिन हमारा मीडिया विराट कोहली की अभिनेत्री पत्नी के ‘बेबी बम्प’ के लिए बावला हुआ जा रहा है। सन 2003 में अभिनेत्री ‘डेमी मूर’ ने वैनेटी फेयर पत्रिका के लिए एक न्यूड बेबी बम्प फोटो शूट करवाया। ये विश्व का पहला ‘बेबी बम्प’ शूट था।
इसके बाद तो अनेकों अभिनेत्रियों ने इस अनावश्यक परंपरा को आगे बढ़ाया। अब ये प्रथा भारत के सेलेब्रेटीज के लिए अघोषित नियम का रुप ले चुकी है। करीना कपूर, अमृता राव, अनुष्का शर्मा, कोंकणा सेन शर्मा, लीजा हैडन, ईशा देओल, सोहा अली खान इस प्रथा के निर्वहन में शामिल हो चुकी हैं। भारत के सेलेब्रेटीज अपना ‘निजत्व’ मीडिया को बेच रहे हैं।
अमेरिका की नकल में अब बॉलीवुड के लोग अपनी शादियां भी बेचने लगे हैं। याद कीजिये अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन की शादी। इस विवाह में चुने हुए मीडिया को कवरेज की आज्ञा दी गई थी। क्योंकि कुछ ख़ास लोगों से अनुबंध हो चुका था। याद कीजिये रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण का विवाह, जिसके प्रसारण अधिकार किसी बड़ी मीडिया कंपनी को बेचे गए थे।
निश्चित ही अनुष्का शर्मा के बेबी बम्प के लिए ‘Vouge’ पत्रिका से अनुबंध हुआ होगा। अनुष्का शर्मा की ये निजी फोटो किसी पत्रिका के प्रथम पृष्ठ पर मुफ्त तो नहीं छापी गई होगी। अनुष्का शर्मा एक सफल अभिनेत्री हैं। उनके नाम के साथ भारत के सफल कप्तान विराट कोहली का नाम जुड़ा हुआ है। इस नाते फोटो का अनुबंध भी तगड़ा ही हुआ होगा। पैसों के लिए अपना ‘निजत्व’ बेच डालना अपनी गरिमा को नोंच खाने जैसा है, जो ये ख्यात लोग कर रहे हैं।
न केवल प्रेग्नेंसी को बेचते हैं, बल्कि बच्चे के छह माह के होते ही सोशल मीडिया पर उसकी फॉलोइंग बनाने लग जाते हैं। दर्शक करीना कपूर को देखे या उनके परिवार को भी झेले। एक खबर में तो करीना के सुपुत्र तैमूर की जीवन शैली दिखाई गई और हम लोगों पर रहम न खाते हुए उस महिला की भी खबर दिखाई गई, जो तैमूर का डाइपर चेंज करती हैं।
आप लोगों को देखना चाहिए कि देश का मीडिया, देश की फ़िल्में, देश के ख्यात कलाकारों का आचरण देश की संस्कृति के अनुरुप है या नहीं। यदि नहीं है तो ये भी देखना चाहिए कि इसको बढ़ावा देने में हमारा चिर-परिचित मौन तो ज़िम्मेदार नहीं है।