अर्चना कुमारी। आमतौर पर पुलिस किसी भी मामले को लेकर इतना जल्दी एक्शन नहीं लेती है जितना मुंबई, उत्तराखंड, बेंगलुरु से लेकर असम तक छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। दरअसल मुस्लिम महिलाओं को अपमानित करने और उनको कथित तौर पर डराने की नियत से बनाए गए ‘बुल्ली बाई एप’ के मुख्य साजिशकर्ता नीरज विश्नोई को दिल्ली पुलिस ने आसाम के जोरहाट से गिरफ्तार किया जबकि इसी मामले को लेकर 3 लोगों को मुंबई पुलिस ने उत्तराखंड और बेंगलुरु इलाके से गिरफ्तार किया।
पुलिस का दावा है कि दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार नीरज बिश्नोई ने ही गिटहब पर बुल्ली बाई एप बनाया था। इतना ही नहीं इसको प्रमोट करने के लिए ट्वीटर पर ‘बुल्ली बाई अंडर स्कोर’ (Bulli bai_) नाम से ट्वीटर अकाउंट बनाया। इसके बाद में इसे सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा शेयर कर दिया गया। नीरज बिश्नोई के कब्जे से मिले मोबाइल और लैपटॉप से इसकी पुष्टि हो गई है।
जबकि नीरज विश्नोई नामक आरोपी को बृहस्पतिवार गिरफ्तार कर हवाई जहाज से दिल्ली लाया गया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद इसे कोर्ट में पेश कर दिया गया। पूछताछ में आरोपी नीरज बिश्नोई ने बताया कि वह भोपाल के एक नामी संस्थान से बीटेक (सीएससी) द्वितीय वर्ष का छात्र है। लेकिन उसने ऐसा क्यों किया और उसके साथ और कौन-कौन लोग इसमें शामिल है, इसका खुलासा पुलिस नहीं कर पाई है ।
उसके पास से मिले मोबाइल और लैपटॉप से पुलिस के हाथ कई अहम सुराग मिले हैं और इसकी जांच के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। गौरतलब है कि शनिवार को एक मुस्लिम महिला पत्रकार ने बुल्ली बाई एप की शिकायत दक्षिण-पूर्व जिले के साइबर थाने को दी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। छानबीन में पता चला कि बुल्ली बाई एप पर करीब 100 प्रभावशाली मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें डालकर उनकी बोली लगाई गई थी। लेकिन वास्तव में उनकी बोली नहीं लगी थी, उनको कथित तौर पर अपमानित करने और डराने के मकसद से ऐसा किया गया था। विवाद के बाद सोशल मीडिया गिटहब से एप को हटा दिया गया। पुलिस ने ट्वीटर व गिटहब को पत्र लिखकर इसकी जानकारी भी मांगी थी।
दूसरी ओर मुंबई पुलिस ने भी इस संबंध में मामला दर्ज कर एक युवती समेत तीन आरोपियों को उत्तराखंड और बेगलुरु से गिरफ्तार किया था। पुलिस सूत्रों का दावा है कि बुधवार को ही दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने बुल्ली बाई एप की जांच का जिम्मा स्पेशल सेल को सौंप दिया था।
दिल्ली पुलिस अब आरोपी नीरज बिश्नोई से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मुंबई में पकड़े तीनों लोगों इसको कोई लिंक है या नहीं। पुलिस सूत्रों का दावा है कि पूर्व में भी ट्विटर पर कुछ महिलाओं ने स्क्रीनशॉट्स शेयर करते हुए दावा किया कि ‘बुल्ली बाई’ नाम के ऐप पर उन्हें ‘नीलाम’ किया जा रहा है। ऐप्स गिटहब पर अपलोड की गईं हैं, जो कि माइक्रोसॉफ्ट का सॉफ्टवेयर शेयरिंग प्लेटफॉर्म है। गिटहब पर कोई भी इन-डिवेलपमेंट ऐप को अपलोड और शेयर कर सकता है।