अर्चना कुमारी। विकास के अपने भाभी से नाजायज संबंध थे। उसकी पत्नी प्रियंका इसका अक्सर विरोध करती थी। विकास को लगा की पत्नी के जिंदा रहते हुए वह भाभी के साथ रंगरेलियां नहीं बना पाएगा और इसके बाद उसने प्रियंका को खत्म करने की खौफनाक साजिश रच डाली लेकिन जल्द ही उसकी कलई खुल गई और उसे धर दबोचा गया।
दरअसल यह सच्ची कहानी है जहां कलयुगी पति अपनी पत्नी की पेपर कटर से गला रेतकर हत्या कर दी थी। मृतका की शिनाख्त प्रियंका (24) के रूप में हुई । बताया जाता है कि वारदात के बाद आरोपी ने अपने परिवार व पुलिस को गुमराह करने के लिए घर में घुसे चोर पर हत्या करने का आरोप लगाया। लेकिन जांच के बाद आरोपी की पोल खुल गई। छानबीन में पता चला कि विकास के घर में कोई बाहरी शख्स आया ही नहीं था।
पुलिस ने आरोपी पति विकास (25) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसके अपनी भाभी से संबंध थे। उसकी पत्नी प्रियंका इसका विरोध करती थी। इसके अलावा प्रियंका अपने नवजात बच्चे का भी ध्यान नहीं रखती थी। इसी वजह से उसने गुस्सा होने के बाद वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पेपर कटर भी बरामद कर लिया ।
पुलिस ने बताया कि मृतका प्रियंका अपने परिवार के साथ सैनिक एंक्लेव, मोहन गार्डन, थाना इलाका रणहौला में रहती थी। इसके परिवार में पति विकास के अलावा एक नवजात बच्चा, सास व जेठ हैं। जांच के दौरान पता चला कि प्रियंका की विकास से करीब चार साल पहले शादी हुई थी। एक दिन देर रात को रणहौला थाना पुलिस को सूचना मिली कि घर में घुसे एक बदमाश ने एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी है।
जानकारी पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रियंका का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा था। पुलिस को पूछताछ के दौरान महिला के पति विकास ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ कमरे में मौजूद था। इस बीच चोरी की नियत से कमरे में आए बदमाश ने उसकी पत्नी का गला रेत दिया। जांच में जुटी पुलिस ने मौका मुआयना, कमरे के हालात की जांच किए तो विकास के बयानों में विरोधाभास पाया।
बाहर से किसी की एंट्री के सबूत नहीं मिले। इसके अलावा विकास भी मामूली रूप से घायल मिला। उस पर पुलिस टीम को शक हुआ और सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि वह कैब चालक है। उसी ने अपनी पत्नी की हत्या की है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी विकास के अपने भाभी से संबंध है। पत्नी इसका विरोध करती थी।
विकास का दावा था कि प्रियंका लापरवाह थी। उसकी गलती की वजह से कई बार उसका गर्भपात हो गया था। पिछले दिनों बड़ी मशक्कत के बाद प्रियंका ने एक बच्चे को जन्म दिया था। उसकी भी वह ठीक से देखभाल नहीं कर रही थी। इस बात से गुस्सा होकर उसने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। बाद में खुद ही अपने घर में शोर मचाकर मां और भाई को किसी बाहरी शख्स के गला काटने की बात बताई। पुलिस मौके पर पहुंची तो विकास की हकीकत का पता चल गया। पुलिस ने आरोपी विकास को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बाद में उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया ।