अर्चना कुमारी। एक महिला की मजबूरी का फायदा उठाते हुए उसके साथ चलती कार में गैंग रेप किया गया। देश की राजधानी की पुलिस आम जनों की सुरक्षा करने में तो विफल साबित हो ही रही है, एक बार फिर से महिलाएं और युवतियां भी अपने आप को असुरक्षित महसूस करने लगी हैं और इसी की बानगी है यह घटना।दरअसल शास्त्री पार्क इलाके में चलती कार में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और इस मामले में अब दोनों आरोपियों को पुलिस ने गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान रोहित उर्फ शेखर (22) और नितिन (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि आरोपी रोहित पहले से पीड़िता को जानता था। वह उसे नौकरी दिलवाने का झांसा देकर दिल्ली लाया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। यह घटना घटी स्वतंत्रता दिवस समारोह के अगले दिन, जिस दिन दिल्ली को चाक-चौबंद किया जाता है।
स्वतंत्रता दिवस के दिन चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती होती है और अगले दिन पुलिसकर्मी आराम फरमाते हैं। बताया जाता है कि 16 अगस्त शाम करीब 4.00 बजे एक महिला ने चलती कार में दुष्कर्म का आरोप लगाया था। महिला ने पुलिस को कॉल करके बताया था कि रोहित नामक युवक ने उसे कॉल कर नौकरी दिलवाने का झांसा दिया था। इसके बाद आरोपी उसे अपने भाई के शोरूम में नौकरी दिलवाने के लिए दिल्ली ले आया।
वारदात के समय रोहित पहले महिला के साथ कार की पिछली सीट पर बैठा था। पहले उसने वारदात को अंजाम दिया। बाद में कार चला रहे नितिन ने शास्त्री पार्क के पास कार रोककर वारदात को अंजाम दिया। बाद में आरोपी महिला को वहीं उतारकर फरार हो गए। पीड़ित के बयान लेने के बाद उसका मेडिकल करवाने के अलावा काउंसलिंग करवाई गई।
बाद में सामूहिक दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया। छानबीन के दौरान पीड़िता ने एक आरोपी की कार का नंबर पुलिस को बताया। उसके आधार पर पुलिस गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर पहुंची। वहां पुलिस ने पहले रोहित उर्फ शेखर को दबोचा। बाद में उससे पूछताछ के बाद नितिन को गिरफ्तार किया गया।