आईएसडी नेटवर्क। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को बड़ी बढ़त मिली है। अब तक के रुझानों के अनुसार कांग्रेस बिना दिक्कत सरकार बनाते दिख रही है। कर्नाटक की सभी सीटों के रुझान प्राप्त हो चुके हैं। कांग्रेस ने बहुमत प्राप्त कर लिया है। प्रधानमंत्री मोदी की रैलियों का चुनाव परिणाम पर कोई असर नहीं दिख रहा है। शनिवार की मतगणना में ये बात निकलकर आई कि डबल इंजन की सरकार वास्तव में ‘ट्रबल इंजन’ सरकार बनकर उभरी है।
शनिवार सुबह मतगणना शुरु होने के आधे घंटे के भीतर ही कांग्रेस ने भाजपा पर निर्णायक बढ़त बढ़ा ली थी। भाजपा की उम्मीदों के विपरीत कांग्रेस ने निर्णायक अंतर बनाकर सरकार बनाने की राह पर कदम रख दिया। इस चुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी है। राज्य सरकार के कई मंत्री पीछे चल रहे हैं। बेंगलुरु में भी पार्टी पिछड़ती दिखाई दे रही है। कर्नाटक के 36 केंद्रों पर मतगणना चल रही है और लगभग सभी केंद्रों के रुझान सामने आ चुके हैं।
मौजूदा परिणामों पर नज़र डाले तो कांग्रेस पार्टी 82 सीट जीत चुकी है और 54 सीटों पर आगे चल रही है। इस चुनाव में कांग्रेस ने अपना वोट प्रतिशत भी बढ़ा लिया है। कांग्रेस का वोट प्रतिशत 17+ जा रहा है। उधर भाजपा की हालत ख़राब है। भाजपा ने अब तक 43 सीटें जीती है और वह 21 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा इस चुनाव अपना वोट प्रतिशत भी 12 प्रतिशत तक खो चुकी है। जेडीएस का प्रदर्शन लचर रहा है। जेडीएस पार्टी 6 सीटों पर आगे चल रही है और 14 सीट जीत चुकी है। जेडीएस का मत प्रतिशत भी कम हुआ है।
रुझानों को देखते हुए शनिवार दोपहर भाजपा ने अपनी हार स्वीकार कर ली। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि ‘हम अपनी हार पर पुनर्विचार करेंगे, हम जनता के फैसले का सम्मान करते हैं और हमें वोट करने के लिए हम जनता का धन्यवाद करते हैं।’ कर्नाटक में 10 मई को मतदान हुआ था। रिकार्ड 73.19 प्रतिशत मतदान होने के बाद ये अनुमान लगाया जा रहा था कि जनता ने सरकार के विरुद्ध वोट किया है। कर्नाटक सरकार के कई मंत्री हार की कगार पर हैं।
शिक्षा मंत्री बीसी नागेश तिप्तुर विधानसभा क्षेत्र से 17,652 मतों के अंतर से पीछे चल रहे हैं। खेल और युवा सेवा मंत्री डॉ. केसी नारायण गौड़ा जेडीएस के उम्मीदवार एचटी मंजू से 3,324 मतों से पीछे चल रहे हैं। पीडब्ल्यूडी मंत्री सीएस पाटिल भी पीछे चल रहे हैं। कृषि मंत्री बीसी पाटिल भी हिरेकेरूर निर्वाचन क्षेत्र में पीछे चल रहे हैं। राजस्व मंत्री आर अशोक कनकपुरा सीट से चुनाव हार गए हैं। उन्हें डीके शिवकुमार ने भारी अंतर से मात दे दी है। आवास मंत्री वी. सोमन्ना भी पीछे चल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने कर्नाटक में जीत के लिए अपनी सारी ताकत झोंक दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 जनसभाएं और छह रोड शो किए लेकिन परिणाम अच्छे नहीं रहे। कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद के लिए कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया का नाम चल रहा है।