आईएसडी नेटवर्क। फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ और अभिनेत्री दिशा पटानी पर मुंबई पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। एएनआई के सूत्रों के अनुसार ये दोनों अकारण लॉकडाउन में घूमते पाए गए थे। मंगलवार की दोपहर को इन दोनों पर प्रकरण दर्ज किया गया था।
टाइगर श्रॉफ और दिशा पटानी मंगलवार की दोपहर बांद्रा बैंड स्टैंड के आसपास घूम रहे थे। उस क्षेत्र में पुलिस ने बिना कारण घूमने पर पाबंदी लगा रखी है। पुलिस ने इन दोनों को कई बार इस क्षेत्र में घूमते देखा तो रोक लिया। दोनों से घर से बाहर निकलने का कारण पूछा गया लेकिन वे कोई ठोस कारण नहीं बता सके।
इसके बाद पुलिस ने धारा 188 के तहत टाइगर और दिशा पर प्रकरण दर्ज कर लिया। ये प्रकरण महामारी एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कोरोना के सक्रिय केस देखते हुए दिशा-निर्देश जारी किये थे। जिस क्षेत्र में टाइगर और दिशा घूमते हुए पकड़ाए, वहां कुछ ही दुकानों को सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक खोलने की आज्ञा दी गई है।
उल्लेखनीय है कि ये फ़िल्मी जोड़ी अपने कार्यकलापों से लगातार लोगों का निशाना बन रही है। पिछले दिनों जब देश में कोरोना चरम पर था, टाइगर और दिशा मालदीव छुट्टियां मनाने निकल गए थे। जब इनके फोटो मीडिया में प्रकाशित हुए तो काफी आलोचना हुई थी। फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने तो सीधी आलोचना करते हुए कह दिया था ‘लोगों के पास ख़ाना नहीं है और आप पैसे फेंक रहे हैं, जबकि दुनिया सबसे खराब मंदी के माहौल से गुज़र रही है।‘
नवाज़ के इस बयान पर बहुत विवाद हुआ था। उल्लेखनीय है कि टाइगर और दिशा पटानी के अलावा रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और श्रुति हासन भारत में लॉकडाउन होते ही मालदीव पहुँच गए थे। जब विवाद अधिक तूल पकड़ने लगा तो मालदीव सरकार ने इन सितारों की छुट्टियां रद्द कर इन्हें वापस भारत भेज दिया था।