गणतंत्र दिवस के दिन ट्रैक्टर मार्च के दौरान हुए दंगे और बलवे के मामले में कई बड़े चेहरे को नामजद किया है और इनमें से फरार आरोपियों खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी कर दिया गया है। इनमें योगेंद्र यादव, मेघा पाटेकर तथा राकेश टिकैत आदि के नाम शामिल है। पुलिस ने लाल किले पर हुई हिंसा के संबध में किसानों को भड़काने और हिंसा फैलाने के आरोप में पंजाबी एक्टर दीप सिद्धू और ‘गैंगस्टर’ से सामाजिक कार्यकर्ता बने लक्खा सिंह सिधाना का नाम भी जोड़ा है जबकि दिल्ली पुलिस ने 20 किसान नेताओं को नोटिस भेजा है।
इनमें ट्रैक्टर रैली को लेकर पुलिस के साथ हुए समझौते को तोड़ने के लिए योगेंद्र यादव, बलदेव सिंह सिरसा, बलबीर एस.राजेवाल समेत कम से कम 20 किसान नेताओं के नाम शामिल हैं। इस बीच फेसबुक पर लाइव होकर पंजाबी सिंगर दीप सिद्धू ने कहा कि उनके बारे में कई बातें कही जा रही हैं। ऐसे में वक्त आ गया है कि कुछ बातें स्पष्ट कर दी जाएं। उसका कहना था कि हमने लाल किले में किसी प्रापर्टी को नुकसान नहीं पहुंचाया। दिल्ली पुलिस के बारे में सिद्धू ने कहा कि पुलिस ने हमें कहा कि जो करना है, शांतिपूर्वक करो और यहां से जाओ। भाजपा और आरएसएस से रिश्तों पर सिद्धू ने कहा कि ये सब गलत है। उन्होंने कांग्रेस से भी रिश्तों को नकारा।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक इन तमाम मामलों की तफ्तीश करेगी दिल्ली क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल की टीम जबकि जल्द ही दिल्ली पुलिस द्वारा गठित होने वाली SIT में तमाम दर्ज मामले को किया जाएगा ट्रांसफर। जांच में साफ हुआ है कि ट्रैक्टर रैली के दौरान भड़की हिंसा के दौरान लाल किले पर झंडा लगाने वाले युवक का नाम जुगराज सिंह बताया जा रहा है और वह पंजाब के तरनतारन गांव का रहने वाला है।
इस बीच दिल्ली पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन के नौ नेताओं समेत भीड़ के खिलाफ हिंसा करने की गाजीपुर थाने में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि एक एफआईआर में राकेश टिकैत, सरदार वीएम सिंह, जगतार सिंह बाजवा और तेजिंदर सिंह विर्क समेत कुल नौ नेताओं को बलवे के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। इनके खिलाफ बलवा करने, हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, ड्यूटी के दौरान हमला, डकैती ,अपराधिक षडयंत्र रचने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, महामारी अधिनियम समेत कुल 16 धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। तीनों एफआईआर के अनुसार किसानों के बलवे के दौरान कुल 11 पुलिस कर्मियों को चोट भी लगी है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि CCTV कैमरे के फुटेज में कई चेहरे कैद हुए हैं और इन लोगों को भी विभिन्न F.I.R. में नामजद किया जा रहा है। इस पूरे मामले की जांच दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच करेगी और स्पेशल सेल मामले की जांच के दौरान सहयोग देगी।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव का कहना है कि कुल 25 से अधिक एफ आई आर दर्ज हुए हैं जबकि ढाई सौ लोग हिरासत में लिए गए हैं। इनमें से एक सौ उपद्रवियों को अधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया है हालांकि इसमें कोई बड़ा चेहरा शामिल नहीं है।
इन 37 किसान नेताओं पर एफआईआर दर्ज।
- डॉक्टर दर्शन पाल, बीकेयू क्रांतिकारी दर्शनपाल ग्रुप
- कुलवंत सिंह संधू, जम्हूरी किसान सभा पंजाब
- बूटा सिंह बुर्जगिल, भारतीय किसान सभा, धकोंडा
- निर्भय सिंह धुड़ीके, कीर्ति किसान यूनियन, धुड़ीके ग्रुप
- रुल्दू सिंह, पंजाब किसान यनियन, रुल्दू ग्रुप
- इंदरजीत सिंह, किसान संघर्ष कमेटी, कोट बुद्धा ग्रुप
- हरजिंदर सिंह टांडा, आजाद किसान संघर्ष कमेटी
- गुरबख्श सिंह, जय किसान आंदोलन
- सतनाम सिंह पन्नू, किसान मजदूर संघर्ष समिति, पिड्डी ग्रुप
- कंवलप्रीत सिंह पन्नू, किसान संघर्ष कमेटी पंजाब
- जोगिंदर सिंह उग्राहा, भारतीय किसान यूनियन उग्राहां
- सुरजीत सिंह फूल, भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी
- जगजीत सिंह डालेवाल, भारतीय किसान यूनियन, सिद्धूपुर
- हरमीत सिंह कड़ियां, बीकेयू, कड़ियां
- बलबीर सिंह राजेवाल, भारतीय किसान यूनियन राजेवाल
- सतनाम सिंह साहनी, भारतीय किसान यूनियन, दोआबा
- बोघ सिंह मानसा, भारतीय किसान यूनियन मानसा
- बलविंदर सिंह औलख, माझा किसान कमेटी
- सतनाम सिंह बेहरू, इंडियन फार्मर एसोसिएशन
- बूटा सिंह शादीपुर, भारतीय किसान मंच
- बलदेव सिंह सिरसा, लोक भलाई इंसाफ वेलफेयर सोसायटी
- जगबीर सिंह जाड़ा, दोआबा किसान समिति
- मुकेश चंद्रा, दोआबा किसान संघर्ष कमेटी
- सुखपाल सिंह डफ्फर, गन्ना संघर्ष कमेटी
- हरपाल सिंह सांघा, आजाद किसान कमेटी दोआब
- कृपाल सिंह नाथूवाला, किसान बचाओ मोर्चा
- हरिंदर सिंह लाखोवाल, भारतीय किसान यूनियन लाखोवाल
- प्रेम सिंह भंगू, कुलहिंद किसन फेडरेशन
- गुरनाम सिंह चडूनी, भारतीय किसान यूनियन चडूनी
- राकेश टिकैट, भारतीय किसान यूनियन
- कविता कुमगुटी, महिला किसान अधिकार मंच
- रिषिपाल अंबावाटा, भारतीय किसान यूनियन अंबावाटा
- वीएम सिंह, ऑल इंडिया किसान संघर्ष कोऑर्डिनेशन कमेटी
- मेधा पाटेकर, नर्मदा बचाओ
- योगेंद्र यादव, स्वराज इंडिया
- अवीक साहा, जन किसान आंदोलन, स्वराज इंडिया
- प्रेम सिंह गहलोत, ऑल इंडिया किसान सभा
दिल्ली पुलिस की इस एफआईआर में आपराधिक षड्यंत्र, डकैती, डकैती के दौरान घातक हथियार का प्रयोग और हत्या का प्रयास जैसी गंभीर धाराओं समेत कुल 13 धाराएं लगाई गई हैं।