आईएसडी नेटवर्क। एक्शन स्टार विद्युत जम्वाल जल्दी ही हॉलीवुड में एंट्री लेने जा रहे हैं। विगत सप्ताह ही जम्वाल को ऐसी उपलब्धि प्राप्त हुई है, जो किसी बॉलीवुड सितारे को नहीं मिली। विद्युत का नाम अब संसार के श्रेष्ठ मार्शल आर्ट्स योद्धाओं में शामिल हो गया है। इस उपलब्धि के बाद अब समाचार है कि उनको संसार की सबसे प्रतिष्ठित टेलेंट मैनेजमेंट कंपनी वंडर स्ट्रीट ने अनुबंधित कर लिया है।
वंडर स्ट्रीट ने हॉलीवुड को बड़े सितारे दिए हैं। मार्शल आर्ट स्टार ‘टोनी जा’ को भी वंडर स्ट्रीट ने ही दुनिया से परिचित करवाया है। विद्युत् जम्वाल ने इस अवसर पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए कहा है कि वे हॉलीवुड के बड़े स्टार्स के साथ काम करने के लिए बहुत उत्सुक हैं।
विगत दिनों जब उनका नाम जैकी चैन, ब्रूस ली, स्टीवन सीगल जैसे चोटी के मार्शल आर्ट फाइटर्स के साथ शामिल हो गया था तो उनके प्रशंसक इस बात से बड़े उत्साहित थे। विगत सप्ताह विद्युत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इसका स्क्रीनशॉट साझा किया था। उन्होंने कैप्शन के साथ लिखा था ‘जय हिन्द कलारीपयट्टू।’
उल्लेखनीय है कि विद्युत ने बहुत छोटी आयु से कलारीपयट्टू का विधिवत प्रशिक्षण लेना आरंभ कर दिया था। निश्चित ही वंडर स्ट्रीट के साथ जुड़ने के बाद उनका कद बॉलीवुड में बढ़ जाएगा। वे आने वाले समय में हॉलीवुड के बड़े कलाकारों के साथ काम करते दिखाई दे सकते हैं। विद्युत का मार्शल आर्ट विश्व स्तर का है।
उन्होंने बहुत वर्षों तक विश्व के कई देशों में कई युद्ध कलाओं का प्रशिक्षण लिया है। इसके अलावा वे अच्छे अभिनेता हैं, ये वे अपनी पूर्व फिल्मों में सिद्ध कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार वे वंडर स्ट्रीट के माध्यम से हॉलीवुड के कुछ बड़े निर्माताओं के साथ संपर्क में हैं।
यदि उनकी डील तय हो जाती है तो ये विद्युत के लिए बड़ी छलांग की तरह होगी। जानकारी के अनुसार आज तक वंडर स्ट्रीट ने किसी भारतीय सितारे से संपर्क नहीं किया था। फ़िलहाल तो ये समय विद्युत और उनके प्रशंसकों के ख़ुशी मनाने का है।