विपुल रेगे। बॉलीवुड में एक नए नेपो किड की एंट्री हो गई है। अभिनेत्री श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी सलमान खान की आगामी फिल्म ‘किसी का भाई, किसी की जान’ में दिखाई देंगी। हमेशा से देखा गया है कि किसी कलाकार की संतान को लॉन्च करने में मीडिया बड़ी भूमिका निभाता है। इस बार मीडिया पलक तिवारी के लिए उतावला दिखाई दे रहा है। पलक के अभिनय रेंज की बात कोई नहीं करता लेकिन उनके लुक्स और छोटे कपड़ों को लेकर रिपोर्टिंग हो रही है।
नेपो किड्स की बॉलीवुड में भव्य ढंग से लॉन्चिंग की जाती है लेकिन इनमे से अधिकतर अपनी पहली फिल्म से ही ढेर हो जाते हैं। अपने बच्चों को सुपर स्टार बनाने की ये जुगत आज की नहीं है। आज से कई वर्ष पूर्व धर्मेंद्र ने अपने दोनों बेटों को जबर्दस्त ढंग से हिन्दी फिल्म उद्योग में लॉन्च किया था। धर्मेंद्र की इच्छानुसार सनी देओल को ‘बेताब’ और बॉबी देओल को ‘बरसात’ में लाने से पहले उन पर बहुत मेहनत की गई थी। दोनों की ही एंट्री घोड़े पर करवाई गई थी क्योकि धर्मेंद्र की ये दिली इच्छा थी।
सनी की पहली फिल्म सुपरहिट रही और औसत अभिनेता होने के बावजूद उनका स्टारडम चलता रहा। बॉबी अच्छे अभिनेता होने के बावजूद ज़्यादा नहीं चल सके। उनकी पहली फिल्म ‘बरसात’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छी नहीं चली और इसका बुरा असर उनके कॅरियर पर हुआ। बॉबी का कॅरियर ज्यादा नहीं चल सका। नेपो किड्स की एक लंबी सूची है, जिनमे कई अब भी सफलता के लिए संघर्षरत हैं। सूरज पंचोली, सोनम कपूर, अथिया शेट्टी, अनन्या पांडे, जान्हवी कपूर, अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा यहाँ सफल नहीं होने वाले नेपो किड्स बन गए।
सफल होने वालों में आलिया भट्ट, टाइगर श्रॉफ, श्रद्धा कपूर, रणबीर कपूर और वरुण धवन के नाम लिए जा सकते हैं। प्रसिद्ध कलाकारों की संतानें अक्सर उस सिंहासन पर नहीं बैठ पाती, जो उनके माता-पिता ने बहुत ही मेहनत से अर्जित किया होता है। अमिताभ बच्चन का जूता उनके बेटे अभिषेक के पैर में कभी नहीं आ पाया। अभिषेक बच्चन अपने कॅरियर में कभी सफल नहीं हो सके। तीन चार वर्ष पहले बॉलीवुड में आए कुछ नेपो किड्स की हालत अब खराब हो चुकी है।
श्रीदेवी की बेटी जान्हवी कपूर के पास फिल्मों का टोटा है। हाल ही में फिल्म निर्माता करण जौहर ने ‘धड़क :2’ की स्टार कॉस्ट की घोषणा की थी। पता चला कि इसके पहले भाग में काम कर चुके जान्हवी कपूर और ईशान खट्टर को हटाकर नई स्टार कॉस्ट ले ली गई है। उल्लेखनीय है कि करण जौहर ने ही इन दोनों को लॉन्च किया था। श्वेता तिवारी की बेटी पलक की एकमात्र यूएसपी ये है कि वे एक अभिनेत्री की बेटी हैं और खूबसूरत दिखती हैं। सार्वजानिक स्थानों पर उनके ‘खुले’ ड्रेस सेन्स के चर्चे होते रहते हैं।
अब तक पलक के अभिनय की परख नहीं की गई है। ऐसा भी नहीं कहा जा सकता कि पलक एक संभावना है। हालांकि मीडिया उन्हें ऐसे पेश कर रहा है, मानो पलक सुपरस्टार बन चुकी है। यही मीडिया अतीत में सोनम कपूर, जान्हवी कपूर, आथिया शेट्टी को आसमान पर ले जाकर ज़मीन पर फेंक चुका है। यदि पलक को सलमान की फिल्म में नोटिस नहीं किया जाता, तो उनका हश्र भी ठीक ऐसा ही हो सकता है।