क्या कंगना रनौत ने बॉलीवुड को लेकर चल रही लड़ाई को ‘यू टर्न’ दे दिया है? पहले फिल्म अभिनेता संजय दत्त से खुद जाकर मुलाक़ात करना उनके प्रशंसकों को पसंद नहीं आया था। अब खबर आ रही है कि वे अभिनेता अर्जुन रामपाल के साथ एक फिल्म में काम करने जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि अर्जुन रामपाल इस समय नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जाल में फंसे हुए हैं।
उनको दो बार एनसीबी के ऑफिस में पूछताछ का सामना करना पड़ा है। कंगना ने एक नई फिल्म ‘धाकड़’ साइन की है। इस फिल्म की घोषणा के समय कंगना रनौत और अर्जुन रामपाल साथ दिखाई दिए। न केवल साथ दिखाई दिए बल्कि इन दोनों ने साथ फोटो शूट भी करवाया। निःसंदेह कंगना रनौत के प्रशंसक उनसे नाराज़ दिखाई दे रहे हैं।
प्रशंसक नहीं भूले हैं कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध हत्या के बाद कंगना ने बॉलीवुड में ड्रग्स के खिलाफ एक अभियान छेड़ दिया था। इस अभियान में समस्त देश उनके साथ आकर खड़ा हो गया था। हालांकि अब अर्जुन रामपाल के साथ उनके फोटो देखकर देश को लग रहा है कि उसने कंगना के साथ खड़े होकर गलत ही किया था। क्या कंगना नहीं जानती कि अर्जुन रामपाल एनसीबी के लिए संदिग्ध हैं।
अर्जुन रामपाल की विदेशी प्रेमिका और उनके भाई के ड्रग्स कारोबार में लिप्त होने का संदेह है। दरअसल कंगना का ये ‘यू टर्न’ उनके लाखों प्रशंसकों पर वज्रपात की तरह है। कंगना के प्रशंसक खुद को ठगे महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कंगना का साथ इसलिए दिया था क्योंकि बॉलीवुड की गंदगी के खिलाफ उन्होंने शंखनाद किया था। कंगना रनौत को एक कड़वी सच्चाई का पता नहीं है। उनकी आयु 33 वर्ष पार कर गई है।
एक अभिनेत्री के रुप में उनका कॅरियर बहुत थोड़ा ही बचा है। उनका कॅरियर समाप्त ही हो चुका था, यदि वे सुशांत प्रकरण में लोगों के सामने नहीं आतीं। उनको कोविड काल में अतिशय लोकप्रियता प्राप्त हुई। कंगना को ये जानना चाहिए कि उनको ये लोकप्रियता बॉलीवुड के विरुद्ध शंखनाद करने के लिए मिली थी। एक अभिनेत्री के रुप में अब वे दर्शक वर्ग को उतना प्रभावित नहीं करती। मुख्य भूमिकाओं के लिए अब उनकी उम्र समाप्त हो चली है।
अपनी असीमित अभिनय क्षमता के बल पर वे चरित्र भूमिकाओं के सहारे अपना कॅरियर चला सकती हैं। लेकिन अब ऐसा होना संभव नहीं दिख रहा। कंगना कीचड़ का विरोध करते-करते स्वयं उसमे जा गिरी हैं। उनका अर्जुन रामपाल के साथ फिल्म करना उनके लाखों प्रशंसकों को पसंद नहीं आया है।
ये दुःखद है कि छह माह पूर्व कंगना को हम वास्तविक नायिका बनते देख रहे थे। मुझे दुःख के साथ कहना पड़ता है कि कंगना ने जो लोकप्रियता अर्जित की थी, वह उतनी ही तेज़ी से विलुप्त हो जाने वाली है। अर्जुन रामपाल जैसे दागी के साथ जाकर उन्होंने अपनी शान में बट्टा लगा लिया है।