विपुल रेगे। गत वर्ष कंगना रनौत एक राष्ट्रवादी अभिनेत्री के रुप में चर्चित हो चुकी थी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के साथ छूटे बराबरी के दंगल के बाद उन्हें आधिकारिक रुप से एक ऐसी अभिनेत्री मान लिया गया था, जो भारत की संस्कृति और धर्म के प्रति जागरुक रहती है और राष्ट्रीय मुद्दों पर बेबाकी से बोलती हैं। गत वर्ष जब कंगना लोकप्रियता के आकाश पर थीं, तब ही समाचार आने लगे थे कि वे ऑल्ट बालाजी के साथ एक रियलिटी शो में होस्ट की भूमिका निभा सकती हैं।
खबर है कि कंगना ‘पद्मश्री’ एकता कपूर के शो में होस्ट की भूमिका करने जा रही है। ये शो एक अमेरिकन रियलिटी शो ‘टेम्पटेशन आइलैंड’ का हिंदी संस्करण होगा। ये निर्णय कंगना की राष्ट्रवादी छवि को सदैव के लिए ध्वस्त कर सकता है।टेम्पटेशन आइलैंड अमेरिकन नेटवर्क पर प्रसारित होने वाला वेब रियलिटी शो है। शुरुआत से ही ये शो आलोचनाओं का केंद्र बन गया है।
मीडिया और लोगों ने इसके स्वरुप पर प्रश्न खड़े किये हैं। इसमें युवा कपल्स को एक आइलैंड पर भेजा जाता है। यहाँ उन्हें अलग कर दिया जाता है। अलग हुए युवाओं को सुंदर विपरीत लिंगी युवाओं के बीच छोड़ दिया जाता है। परीक्षण किया जाता है कि अमुक युवा या युवती अपने पार्टनर के प्रति निष्ठावान है या नहीं। आपसी प्रेम के विश्वास के इस तरह के परीक्षण को शो बनाकर प्रस्तुतिकरण करने की बहुत आलोचना हुई है।
अब इस शो का कंटेंट भारतीय स्वरुप में युवा दर्शकों तक पहुंचेगा। एकता कपूर का ट्रेक रिकार्ड देखते हुए दृढ़ विश्वास के साथ कहा जा सकता है कि अश्लील कंटेंट के मामले में ये ‘बिग बॉस’ को भी पीछे छोड़ देगा। ऐसे शो को होस्ट करना कंगना रनौत के सुदृढ़ कॅरियर में निर्णायक डेंट मारेगा। वे अपनी राष्ट्रवादी छवि के बल पर ही तो मार्केट में बनी हुई हैं।
फिल्म उद्योग के कलाकारों को राष्ट्रवादी घोषित करने के बाद यही समस्या होती है। वे पैसे कमाने के लिए ऐसे प्रस्ताव स्वीकार कर लेते हैं। जबकि कंगना रनौत को ये बात अच्छी तरह से मालूम है कि कंगना का ऑल्ट बालाजी दर्शकों को बहुत ही अश्लील कंटेंट परोस रहा है। उनकी फिल्मों और वेब सीरीज की लगातार शिकायते की जा रही है।
ऑल्ट बालाजी ने तो अश्लीलता दिखाने के लिए सेना के यूनिफॉर्म तक का इस्तेमाल कर डाला है। कंगना को स्वयं मालूम है कि शो का कंटेंट क्या होने जा रहा है। इसके बावजूद उन्होंने ये प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है तो इसे क्या कहा जाए। देश के करोड़ों राष्ट्रवादियों की सहानुभूति और समर्थन लेकर नंबर गेम में अपनी पोजीशन मजबूत की और एक बार पोजीशन मजबूत हो गई तो जो मन चाहा साइन कर लिया।
ऐसे ही करोड़ों राष्ट्रवादियों की सहानुभूति और समर्थन लेकर एक अभिनेता अब देश के धर्म और संस्कृति को दूषित करने का कार्य कर रहा है। मुझे आशंका है कि ‘टेम्पटेशन आइलैंड’ को होस्ट करने के बाद कंगना रनौत के राष्ट्रवादी समर्थक तेज़ी से कम होते चले जाएंगे। अब उन्हें वह कैनवास नहीं मिलेगा, जो सहज ही उपलब्ध हो जाया करता था।