आईएसडी नेटवर्क। इस सप्ताह का बॉक्स ऑफिस फिर से बॉलीवुड के लिए बुरा समाचार लेकर आया है। शुक्रवार प्रदर्शित हुई बॉलीवुड फ़िल्में औंधे मुंह गिरी है। इनके साथ तेलुगु सुपरस्टार नागार्जुन की फिल्म ‘द घोस्ट’ का हाल बहुत बुरा हुआ है। अक्षय कुमार की ‘राम सेतु’ के कलेक्शन अब भी धीमी गति से आगे बढ़ रहे हैं। अजय देवगन की थैंक गॉड दीपावली का बुझा पटाखा सिद्ध हुई है।
इस सप्ताह कैटरीना कैफ की ‘फोन भूत’ प्रदर्शित हुई। इस हॉरर कॉमेडी को दर्शकों का एवरेज रिस्पॉन्स मिला है। लगभग 30 करोड़ के बजट से बनी इस फिल्म ने अब तक सात करोड़ का कलेक्शन किया है। हालाँकि इसका नेट कलेक्शन लगभग पांच करोड़ ही आंका जा रहा है। कैटरीना की मार्केट वेल्यू पहले जैसी नहीं रही है। जान्हवी कपूर की ‘मिली’ का भी हाल बुरा दिखाई दे रहा है।
इस फिल्म का बजट 30 करोड़ के आसपास है। फिल्म अब तक मात्र दो करोड़ का कलेक्शन ही जुटा सकी है। अक्टूबर में प्रदर्शित हुई ‘घोस्ट’ इसी 2 नवंबर को ओटीटी पर प्रदर्शित हुई है। इसे ओटीटी पर भी अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा है। इस फिल्म के ढहने से संकेत मिल रहे हैं कि एक्शन स्टार नागार्जुन अब ऐसी फिल्मों के लिए फिट नहीं रहे हैं। उम्र का असर उनकी उम्र और रिफ्लेक्सेस पर दिखाई देता है।
कन्नड़ फिल्म कांतारा का विजय रथ रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कांतारा ने अब तक 332 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया है। कन्नड़ बेल्ट से इसने अब तक 150 करोड़ जुटा लिए हैं। हिन्दी बेल्ट में धुंआधार प्रदर्शन करते हुए कांतारा ने 65 करोड़ से अधिक का कलेक्शन किया है और अब भी सिनेमाघरों में चल रही है। उल्लेखनीय है कि कांतारा महज 16 करोड़ में बना ली गई थी।
इस तरह फिल्म ने अपनी लागत से लगभग दस गुना कलेक्शन किया है। अभिज्ञान शाकुंतलम पर आधारित ‘शाकुंतलम’ की रिलीज पर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। फिल्म पहले 4 नवंबर को प्रदर्शित होने वाली थी। अब तक ये फिल्म सिनेमाघरों में प्रदर्शित नहीं हुई है। हिन्दी पट्टी में इसे कब रिलीज किया जाएगा, इस पर निर्माताओं ने कुछ भी नहीं कहा है। ओटीटी पर भी इसकी रिलीज को लेकर कोई खबर नहीं आ रही है।