विपुल रेगे । लंबे समय बाद देश में एक फिल्म की लहर चल पड़ी है। द कश्मीर फाइल्स की इस लहर ने गत दिसंबर में प्रदर्शित हुई पुष्पा की प्रचंड लहर को बिसरा दिया है। अब इस फिल्म की तुलना सत्तर के दशक की कालजयी फिल्म शोले से की जाने लगी है। लोकप्रियता के रथ पर सवार कश्मीर फाइल्स का कलेक्शन 150 करोड़ पर पहुँचने जा रहा है और अब भी इसकी गति बढ़ती चली जा रही है। शनिवार को फिल्म ने 19 करोड़ से अधिक कलेक्शन किया।
द कश्मीर फाइल्स ने कलेक्शन में जो ट्रेंड स्थापित किये हैं, वे अनोखे और अबूझ हैं। अब दर्शक भलीभांति समझ पा रहे हैं कि असली ब्लॉकबस्टर और मीडिया द्वारा बनाई गई फेक सक्सेस में क्या अंतर होता है। इस फिल्म के कलेक्शन और एडवांस बुकिंग ने भी एक अनोखा रिकार्ड स्थापित कर दिया। कलेक्शन और बुकिंग हर दिन के साथ बढ़ते चले गए।
कलेक्शन उन कामकाजी दिनों में भी बढ़ते रहे, जब थियेटर्स में फुटफॉल्स दस प्रतिशत भी नहीं होता। स्पष्ट है कि फिल्म को लोगों ने मिशन बना लिया है। सिर्फ दस दिन में ये हाल है तो आगे क्या होगा। ये भी तय है कि राजामौली की बहुत सशक्त फिल्म आर आर आर को भी विवेक अग्निहोत्री चुनौती देने जा रहे हैं। 25 मार्च को आर आर आर प्रदर्शित हो रही है और तब तक द कश्मीर फाइल्स का रुझान कम होता दिखाई नहीं दे रहा है।
मेरा अनुमान है कि प्रदर्शन के दसवें दिन रविवार को कश्मीर फाइल्स अधिकतम कलेक्शन करने जा रही है। दसवें दिन फिल्म का कलेक्शन 25 करोड़ के पार जाने की संभावनाएं बन गई है। एडवांस बुकिंग और लोगों के रुझान को देखते हुए फिल्म के लाइफ टाइम कलेक्शन का अनुमान लगाना अब भी बहुत मुश्किल लग रहा है। जब कश्मीर फाइल्स का एक सप्ताह पूर्ण हुआ तो इस शुक्रवार अक्षय कुमार की बच्चन पांडे रिलीज हुई।
अक्षय कुमार की फैन फॉलोइंग बड़ी ही जबरदस्त है और इसका फायदा उनकी इस साधारण फिल्म को मिला है। पहले दिन फिल्म ने 13. 25 करोड़ का कलेक्शन किया लेकिन दूसरे दिन शनिवार को कलेक्शन बढ़ने के बजाय घट गए। शनिवार को बच्चन पांडे ने 11 करोड़ का कलेक्शन किया। इसकी एडवांस बुकिंग भी नीचे जाती दिखाई दे रही है।
फिल्म को मिक्स रिस्पॉन्स मिलने के कारण सोमवार से कलेक्शन तेज़ी से गिरने की आशंका है। उधर दर्शकों की भारी मांग देखते हुए सिनेमाघर संचालकों को कश्मीर फाइल्स के स्क्रीन्स बढ़ाने पर विवश होना पड़ा है। अब ये फिल्म देश के 2000 स्क्रीन्स पर दिखाई जा रही है। 25 मार्च को प्रदर्शित होने जा रही आर आर आर का बॉलीवुड में इतना खौफ है कि उसके सामने कोई फिल्म प्रदर्शित नहीं हो रही है।
रणबीर कपूर की शर्मा जी नमकीन और धनुष की मारन ओटीटी मंच पर प्रदर्शित होगी। इसका अर्थ है कि 25 मार्च से लगभग दो सप्ताह तक कश्मीर फाइल्स और आर आर आर के सामने और कोई फिल्म नहीं होगी। विवेक अग्निहोत्री की इस फिल्म का लाइफ टाइम बिजनेस 300 करोड़ के आसपास हो सकता है।