आईएसडी नेटवर्क। अभिनेता अजय देवगन ओटीटी पर डेब्यू करने जा रहे हैं। उनकी वेब सीरीज रुद्र – द ऐज ऑफ डार्कनेस इस शुक्रवार प्रदर्शित होने जा रही है। रुद्र – द ऐज ऑफ डार्कनेस एक मनोवैज्ञानिक क्राइम थ्रिलर है। अजय देवगन सीरीज में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाते दिखेंगे। उनका ये कैरेक्टर उनकी लोकप्रिय सिंघम छवि से बिलकुल अलग दिखाई देने वाला है। इस वेब सीरीज के प्रोमो ने दर्शकों में गहरी दिलचस्पी जगा दी है।
हाल ही में अजय देवगन आलिया भट्ट अभिनीत गंगूबाई काठियावाड़ी में एक केमियो रोल निभाते दिखाई दे रहे हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हल्की रही है लेकिन देवगन के अभिनय की प्रशंसा हुई है। इस समय अजय देवगन के प्रशंसकों को आर. आर. आर. का अधीरता से इंतज़ार है। हालाँकि ये वेब सीरीज उस फिल्म से कुछ पहले प्रदर्शित की जा रही है।
ऐसी चर्चा है कि रुद्र – द ऐज ऑफ डार्कनेस एक लोकप्रिय ब्रिटिश टीवी सीरीज लूथर से प्रेरित है। लूथर एक ऐसे डिटेक्टिव की कहानी है, जो एक मनोरोगी और हत्यारा बन जाता है। हालाँकि अभी स्पष्ट रुप से नहीं कहा जा सकता कि रुद्र – द ऐज ऑफ डार्कनेस के निर्देशक ने एडाप्टेशन किस तरह से किया है। हालाँकि इतनी जानकारी मिल रही है कि इसमें देवगन के कैरेक्टर में कई शेड्स डाले गए हैं।
उन्होंने इसके ट्रेलर को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि अंधेरों से घिरा हुआ मैं न्याय की रोशनी लाने के लिए तैयार हूं। रुद्र – द ऐज ऑफ डार्कनेस डिज्नी+हॉटस्टार पर प्रदर्शित की जाएगी। इसका निर्माण बीबीसी स्टूडियोज और एप्लॉज एंटरटेनमेंट ने किया है। सीरीज में देवगन के साथ अतुल कुलकर्णी, ईशा देओल, राशि खन्ना, तरुण गहलोत, सत्यदीप मिश्रा और आशीष विद्यार्थी भी अभिनय करते दिखाई देंगे।
अभिनेता अतुल कुलकर्णी अजय के साथ 22 वर्ष बाद कार्य करने जा रहे हैं। इसके पहले उन्होंने राजकुमार संतोषी की फिल्म खाकी में साथ काम किया था। अतुल कुलकर्णी ने कहा कि हमारी पहली फिल्म खाकी के 22 साल बाद अजय के साथ फिर से काम करना सुंदर अनुभव था।
उन्होंने कहा कि अजय जी सिर्फ एक अभिनेता नहीं हैं। वह एक निर्देशक, निर्माता, एक महान तकनीशियन और लेखक हैं। उनके ऐसे कई पहलू हैं, जो आसपास के लोगों को प्रभावित करते हैं। रुद्र – द ऐज ऑफ डार्कनेस के निर्देशक राजेश मापुसकर हैं। राजेश अपनी फिल्म वेंटिलेटर के बाद किसी भी परिचय के मोहताज नहीं रहे हैं।