विपुल रेगे। विगत दो दिन से एक खबर ने फिल्म दर्शकों और फिल्म जगत में सनसनी मचाई हुई है। खबर ये है कि फिल्म निर्देशक एस.एस.राजामौली ने महाभारत पर फिल्म बनाने की बात कही है। ये बात उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कही और मीडिया ने इसे हाथोहाथ लिया है। राजामौली ने महाभारत बनाने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। यदि ऐसा होता भी है तो उसमे लंबा वक़्त लग सकता है।
एस.एस.राजामौली ने तीन दिन पूर्व एक इंटरव्यू में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आर्थोपेडिक सर्जन डॉ.ए.वी. गौरव रेड्डी के सवालों के जवाब दे रहे थे। गौरव रेड्डी और राजामौली में बड़ी ही घनिष्ठ मित्रता है। इस इंटरव्यू में राजामौली ने कई प्रश्नों के उत्तर दिए। गौरव रेड्डी ने राजामौली से बाहुबली और आरआरआर को लेकर कई प्रश्न किये। इसी दौरान एक दर्शक ने राजामौली से प्रश्न किया कि प्रेस लगातार कह रहा है कि आप महाभारत पर फिल्म बनाना चाहते हैं।
यदि महाभारत सीरियल के 266 एपिसोड्स को सामने रख कर देखें तो आपको इस पर फिल्म बनाने के लिए कितने पार्ट बनाने होंगे। इस पर राजामौली ने उन्हें एक विस्तृत जवाब दिया। इसी जवाब को लेकर हमारे मीडिया ने कहना शुरु कर दिया कि ‘राजामौली महाभारत पर फिल्म बनाएँगे।’ हालाँकि राजामौली ने उस मंच से महाभारत पर फिल्म बनाने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की थी।
राजामौली ने कहा कि वे अभी इस पर फिल्म बनाने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि अभी वे बस ये मानकर चल रहे हैं कि ये एक बहुत ही बड़ा प्रोजेक्ट होगा, इसके लिए हमें दस पार्ट बनाने होंगे, लेकिन अभी इसके लिए वे तैयार नहीं हैं। गौरव रेड्डी ने राजामौली से सीधा सवाल किया कि महाभारत उनकी विश लिस्ट में वाकई है या ये केवल एक प्रेस फेब्रिकेशन है।
राजामौली ने बड़ा ही संतोषजनक उत्तर दिया। उन्होंने कहा कि महाभारत पर फिल्म बनाना उनके जीवन का लक्ष्य है। इससे जाहिर हो गया कि महाभारत पर वे काम करेंगे लेकिन ये निकट भविष्य में नहीं होगा। अभी तो रमेश बाबू के साथ वे एक एडवेंचर फिल्म बना रहे हैं। यदि इसके बाद राजामौली और किसी प्रोजेक्ट को हाथ में न लें तो उम्मीद की जा सकती है कि वे महाभारत पर काम शुरु कर दें।