अर्चना कुमारी। 2014 में डेनमार्क की एक 52 साल की महिला के साथ रेप करने के मामले में सजायाफ्ता आरोपी मंडावली के पुलिया तलब चौक का रहने वाला था। डेनमार्क की रहने वाली 52 साल की महिला जब दिल्ली आई थी और रास्ता भूल गई थी, तब उसके साथ लूटपाट की गई और चाकू की नोक पर उसके साथ रेप किया गया था।
महिला हालांकि वापस अपने देश चली गई, लेकिन उससे पहले उसने राजदूत के सामने अपने बयान पुलिस को दर्ज कराए थे। उस मामले में 2 साल बाद 2016 में कोर्ट ने 05 को दोषी ठहराया था उनमें से एक राजा भी शामिल था। उसकी बुधवार रात हत्या कर दी गई और सेंट्रल दिल्ली पुलिस एक विदेशी महिला से रेप के आरोपी की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा।
इसकी पहचान सुनील व श्रवण के तौर पर की गई। वारदात में प्रयुक्त अपराध का हथियार यानी लोहे और लकड़ी की छड़ जिस पर खून के धब्बे लगे थे, उसे बरामद किया गया है। थाना पहाड़गंज में पीसीआर कॉल आई कि रेलवे ट्रैक के पास स्टेट एंट्री रोड पर एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इस जानकारी पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में मृतक की शिनाख्त मोहम्मद रजा के तौर पर की गई।
जांच में पता चला 3 अन्य भी घायल अवस्था में पाए गए थे। उन्हें अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। घायल व्यक्तियों की पहचान विजय, सुंदरलाल व रफीक के तौर पर की गई। जांच के दौरान पता चला कि चार लोगों ने इनलोगों को किसी बात को लेकर पिटाई की थी। इस जानकारी पर घटना के बारे में कोई सुराग खोजने के लिए 50 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। इसके अलावा, घायल व्यक्तियों से भी घटना और आरोपी व्यक्ति की पहचान के बारे में विस्तार से पूछताछ की गई।
पुलिस टीम ने मिली जानकारी पर दो आरोपियों को धर दबोचा हालांकि कुछ अन्य आरेापी फरार बताए जाते है। आरोपियों ने खुलासा किया है कि उनका मृतक और उसके दोस्तों के साथ विवाद चल रहा था। बार-बार मांग करने के बावजूद मृतक ने उन्हें अपनी दैनिक आय से एक निश्चित राशि देने से इनकार कर दिया था। इस पर उनके बीच कहासुनी हो गई, जिससे मारपीट हो गई थी।
मृतक के विवरण की जांच करने पर मो. रज़ा के बारे में पता चला कि वह डेनमार्क की एक महिला के साथ रेप का आरोपी था और उसे आजीवन करावास की सजा सुनाई गई थी लेकिन इन दिनों वह पैरोल पर बाहर था। पीड़ित और आरोपी व्यक्ति नशे के आदी हैं और एक ही क्षेत्र में कूड़ा बीनने का काम करते हैं और एक-दूसरे को जानते हैं।