आईएसडी नेटवर्क। फिल्म निर्माता वाशु भागनानी के बेटे जैकी भागनानी पर एक मॉडल के साथ बलात्कार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सूत्रों के अनुसार इस समय जैकी विदेश में है। जब पुलिस ने जैकी की तलाश शुरु की तो पता चला कि वह भारत में है ही नहीं। इस मामले में जैकी के साथ नौ अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। ये केस विगत 26 मई को बांद्रा पुलिस स्टेशन पर दर्ज किया गया था। मॉडल ने आईपीसी की धारा 376 और 354 के तहत केस दर्ज करवाया है।
पता चला है कि पीड़िता अप्रैल माह से ही पुलिस से गुहार लगा रही थी। इस पीड़ित मॉडल ने डीसीपी महेश्वर रेड्डी से मिलकर शिकायत की थी लेकिन मामला बांद्रा और अँधेरी पुलिस के बीच उलझा रहा। बांद्रा पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई एफआईआर में जैकी भागनानी का नाम सबसे प्रमुखता से रखा गया है।
जैकी के साथ प्रसिद्ध फोटोग्राफर कोलस्टन जूलियन को भी आरोपी बनाया गया है। क्वान एंटरटेनमेंट के मालिक अनिर्बान दास भी इसमें आरोपी है। अन्य आरोपियों में शील गुप्ता, अजित ठाकुर, विष्णु इंदूरीक, निखिल कामतो , टी सीरीज के कृष्ण कुमार और गुरुज्योत सिंह का नाम है। बताया जा रहा है कि उक्त मॉडल ने बलात्कार के लिए कोलस्टन जूलियन पर आरोप लगाया है और बाकी आरोपियों पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने आरोप लगाए है कि सन 2014 से 2019 के बीच फिल्मों में रोल दिलवाने के नाम पर कई बार उसका शारीरिक रुप से उत्पीड़न किया गया। आरोपियों में से एक अजित ठाकुर ने इसे एक षड्यंत्र करार दिया है और पीड़िता पर मुकदमा कायम करने की बात भी कही है। इधर मॉडल ने आरोप लगाया है कि उसने पुलिस को 11 आरोपियों के नाम दिए थे लेकिन पुलिस ने केवल 9 लोगों को ही आरोपी बनाया है।
मॉडल ने कोलस्टन पर आरोप लगाया कि उसने रेप करने के साथ मारपीट भी की। उसके बाद उन्होंने कोलस्टन से संबंध तोड़ लिए। सभी आरोपियों ने आरोपों से साफ़ इंकार कर दिया है। अनिर्बान और अजित ठाकुर पर पहले भी यौन शोषण के आरोप लगते रहे हैं। अनिर्बान को वॉन टैलेंट मैनेजमेंट के बोर्ड से त्यागपत्र देना पड़ा था और अजित ठाकुर ने भी यौन शोषण के आरोप के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के कंटेंट स्टूडियो हेड के पद से त्यागपत्र दे दिया था।