आईएसडी नेटवर्क। जेम्स बॉन्ड सीरीज की नई फिल्म ‘नो टाइम टू डाय’ ने ओपनिंग दिवस पर विश्वभर में 22 करोड़ से अधिक का कलेक्शन किया था। अच्छी प्रतिक्रियाओं और समीक्षाओं के बाद समाचार है कि फिल्म ने अब तक 60 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है और तेज़ी से हिट की ओर बढ़ रही है। भारत ने बॉन्ड का प्रदर्शन उम्मीद से बहुत कम रहा। पहले दिन फिल्म भारत में केवल ढाई करोड़ का कलेक्शन ही कर सकी है। भारतीय दर्शक सिनेमाघरों की ओर लौटने लगे हैं, ये एक अच्छा संकेत है।
बॉन्ड सीरीज की पच्चीसवीं फिल्म नो टाइम टू डाय बहुत भारी-भरकम बजट से बनाई गई है। इसकी लागत लगभग ढाई सौ करोड़ है। कोरोना के चलते फिल्म का प्रदर्शन लगभग एक वर्ष तक रुका रहा था। भारत में अन्य फिल्मों का कलेक्शन और भी बुरा रहा है। विशेष रुप से हिन्दी पट्टी में फ़िल्में निराशाजनक प्रदर्शन कर रही हैं।
यहाँ के दर्शक दूसरी भाषाओँ की फिल्मों के लिए तो उत्साह दिखा रहे हैं लेकिन हिन्दी फिल्मों के लिए वे थियेटर तक आना नहीं चाहते। नो टाइम टू डाय के साथ एक बात अच्छी है कि वह कंटेंट और माउथ पब्लिसिटी के बल पर ठीकठाक दर्शक बटोर लेगी। मार्वल स्टूडियोज की Shang-Chi And The Legend Of Ten Rings के हिंदी वर्जन ने औसत कलेक्शन करते हुए लगभग छह करोड़ बटोरे थे।

इस फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 करोड़ का कलेक्शन किया है लेकिन हिन्दी पट्टी में इसका प्रदर्शन औसत ही रहा। इसी तरह कंगना रनौत का सिनेमाघर मालिकों के साथ हुआ विवाद उनकी नई फिल्म थलाईवी पर भारी पड़ा। फिल्म दो करोड़ के आंकड़े को मुश्किल से छू सकी। अमिताभ बच्चन, इमरान हाश्मी और रिया चक्रवर्ती की फिल्म ‘चेहरे’ बुरी तरह पिटी है।
ये मात्र तीन करोड़ के कलेक्शन पर जाकर अटक गई। अक्षय कुमार अब बॉक्स ऑफिस पर विश्वसनीय नाम नहीं रहे हैं। उनकी फिल्म बेलबॉटम ने अब तक मात्र 26 करोड़ का कलेक्शन किया है। अब इससे आगे की कोई उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है। कुल मिलाकर बॉक्सऑफिस की वीरानी अब तक पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है।