अर्चना कुमारी । देश की राजधानी में स्थित सदर बाजार इलाके में चोरी के इरादे से घुसे एक बदमाश ने युवक की हत्या कर दी। बताया जाता है कि मृतक की शिनाख्त रोहान के रूप में हुई। आरोपी ने पहले गमछे से रोहान का गला घोंटा, इसके बाद उस पर चाकू के आधा दर्जन से अधिक वार किए। बाद में आरोपी उसके 10 हजार से अधिक नगदी लूटकर फरार हो गया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। करीब 26 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इसके बाद आरोपी की पहचान कर उसे 24 घंटे के भीतर दबोच लिया। आरोपी की पहचान नूर मोहम्मद खान उर्फ लालू (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू, वारदात के समय पहने हुए कपड़े और लूटे गए 8260 रुपये बरामद कर लिये हैं।
पुलिस का कहना है कि सोमवार देर रात सदर बाजार थाना पुलिस को एक युवक की हत्या की खबर मिली। इस जानकारी पर पुलिस गली पहाड़ वाली, अल-कुरैश मस्जिद के पास एक मकान में दूसरी मंजिल पर पहुंची। पुलिस ने जांच में पाया कि अंदर कमरे में रोहान नामक युवक का शव जमीन पर लथपथ पड़ा था। क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। मृतक के गले पर निशान थे। इसके अलावा उस पर चाकू से भी हमला किया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजकर जांच शुरू की और पुलिस को पता चला कि मूलरूप से किशनगंज, बिहार का रहने वाला रोहान अपने करीब 10 साथियों के साथ कमरे पर रहता था।
इनका मोमोज बेचने का काम है। दोपहर सभी मोमोज बेचने चले जाते हैं, इसके बाद देर रात को सभी लौटते हैं। पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की जांच की। एक संदिग्ध युवक शाम बिल्डिंग में घुसता दिखा। लेकिन वह चंद ही मिनटों बाद वापस आ गया। इसके बाद संदिग्ध युवक दोबारा अंदर दाखिल हुआ। लेकिन इस बार 34 मिनट बाद बाहर आया। इस जानकारी के बाद आरोपी की पहचान कर उसे बाड़ा हिन्दूराव इलाके से दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि करीब दो साल पूर्व वह भी इसी कमरे में रहता था। कुछ दिनों से उसकी आर्थिक स्थिति खराब चल रही थी। उसे पता था कि कमरे पर रहने वाले सभी युवक दोपहर को चले जाते हैं और देर रात को वापस लौटते हैं। सोमवार शाम को वह कमरे में चोरी के इरादे से घुसा।
उसने देखा कि कमरे में रोहान बैठा हुआ है। वह वापस लौट आया। दोबारा 7 बजे वह कमरे में दोबारा पहुंचा तो वहां उस समय भी रोहान बैठा हुआ था। इस बार आरोपी नूर अंदर घुसकर उससे बात करने लगा। इसी दौरान फोन पर रोहान ने किसी से कहा कि उसके पास अभी दस हजार रुपये मौजूद हैं। यह सुनकर नूर ने उसकी हत्या कर उसके कब्जे से रुपए लूटकर चंपत हो गया था