अर्चना कुमारी। विवादित पुलिस अधिकारी रहे परमवीर सिंह के देश छोड़ने की खबर आ रही है और महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल का कहना है कि आईपीएस अधिकारी परमबीर सिंह कहां हैं, इसका पता लगाया जा रहा है। महाराष्ट्र सरकार इस काम में मदद के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय का सहयोग मांगा है और इसके बाद गृह मंत्रालय भी उनका पता लगा रहा है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि वह संभवत रूस भाग गए हैं।
इस पर गृह मंत्री दिलीप पाटिल ने कहा कि हमने भी ऐसी खबरें सुनी हैं, लेकिन वह एक सरकारी अधिकारी हैं, इसलिए बगैर केंद्र या राज्य सरकार की मंजूरी के विदेश नहीं जा सकते हैं। महाराष्ट्र के गृहमंत्री ने कहा कि हमने परमबीर सिंह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है जबकि यदि वह देश छोड़कर चले गए हैं, तो यह ठीक नहीं है।
इस बीच सीबीआई ने राज्य के मुख्य सचिव सीताराम कुंटे और डीजीपी संजय पांडे को तलब किया है और दोनों को पूछताछ के लिए नोटिस दिया गया है। गौरतलब है कि सीबीआई राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर 100 करोड़ रुपए की वसूली के आरोपों की जांच कर रही है। सीबीआई के साथ-साथ प्रवर्तन निदेशालय भी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है।
उधर,मुंबई और ठाणे के पूर्व पुलिस आयुक्त रह चुके परमबीर सिंह के खिलाफ जबरन वसूली की कम से कम चार प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उद्योगपति मुकेश अंबानी के दक्षिण मुंबई स्थित घर एंटीलिया के पास विस्फोटकों से लदी एसयूवी के मामले में एनआईए द्वारा मुंबई पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को गिरफ्तार किए जाने के बाद परमवीर सिंह का मार्च 2021 में मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से तबादला कर दिया गया था।
इसके बाद परमवीर सिंह ने तत्कालीन राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर पुलिस अधिकारियों से होटल और बार मालिकों से करीब 100 करोड़ के रिश्वत लेने का आरोप लगाया था। अनिल देशमुख ने इस आरोप से इनकार किया था। लेकिन उसने बाद में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था क्योंकि सीबीआई ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।शक जताया जा रहा है कि परमबीर सिंह ने गिरफ्तारी के डर से देश छोड़ा। लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि अभी नहीं की गई हैैैै और परमवीर सिंह ने भी कोई बयान जारी नहीं किया है।