आईएसडी नेटवर्क। मणिरत्नम की ‘पोन्नियिन सेलवन’ बॉक्स ऑफिस पर फायदे का सौदा सिद्ध हुई है। रिलीज के दूसरे सप्ताह तक फिल्म ने 413 करोड़ का ग्रास कलेक्शन कर लिया है। ‘पोन्नियिन सेलवन’ के बाद प्रदर्शित हुई सभी फ़िल्में या तो एवरेज है या फ्लॉप साबित हो रही है। ‘पोन्नियिन सेलवन’ के मुकाबले में उतरी तेलुगु फिल्म ‘गॉडफादर’ कलेक्शन के मामले में पीछे रह गई है। ऋत्विक रोशन की विक्रम वेधा के कलेक्शन अब थमते दिखाई दे रहे हैं।
मणिरत्नम ने बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसा जुआं खेल दिया था, जिसके सफल होने की संभावनाएं बहुत कम थी। ऊपर से फिल्म की धीमी गति और महंगा बजट देखते हुए लागत वसूल कर लाभ कमाना मुश्किल कार्य दिख रहा था। हालाँकि फिल्म की धीमी गति इसके लिए लाभप्रद सिद्ध हुई। दर्शकों ने मणिरत्नम के ट्रीटमेंट की सराहना की। बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म रिलीज करना एक जोखिम था।
आज के दौर में फिल्मों में ‘वाओ’ मूमेंट्स न हो तो समीक्षक फिल्म को बोर बताकर ख़ारिज कर देते हैं। ‘पोन्नियिन सेलवन’ को ऐसे ही कई समीक्षकों ने धीमी और बोर फिल्म बताकर ख़ारिज कर दिया था। हालाँकि फिल्म ने सभी आशंकाओं को ख़ारिज कर एक तरफ़ा सफलता प्राप्त की। ट्रेड पंडितों को देखना होगा कि ‘पोन्नियिन सेलवन’ से भारतीय सिनेमा का ट्रेंड तो नहीं बदल गया है।
तेज़ गति से भागती रोमांचक फिल्मों का ट्रेंड अब समाप्ति की कगार पर खड़ा है। सिनेमा में कोई भी ट्रेंड अधिक वर्ष तक नहीं चल पाता है। ऋत्विक रोशन और सैफ अली खान की ‘विक्रम वेधा’ नेट कलेक्शन में सौ करोड़ का आंकड़ा भी नहीं छू सकी है। ‘पोन्नियिन सेलवन’ ने धीमी गति से कलेक्शन करते हुए हिंदी पट्टी में बीस करोड़ जुटा लिए हैं। तमिल पट्टी में इसे ‘ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर’ का वर्डिक्ट दे दिया गया है।
मणिरत्नम ने फिल्म के पहले भाग के लिए ढाई सौ करोड़ का बजट रखा था। इस तरह से फिल्म के पहले भाग की लागत आसानी से निकाल ली गई है। अब तो फिल्म लाभ कमाना शुरु कर चुकी है। इस शुक्रवार थियेटर्स में बॉलीवुड की फिल्मों को एक कन्नड़ फिल्म टक्कर देगी। ये फिल्म ‘कांतारा’ एक्शन थ्रिलर है। हिन्दी पट्टी के दर्शकों में इसके लिए उत्साह है। इस शुक्रवार कहानी फिर दोहराई जा सकती है।
आयुष्यमान खुराना की ‘डॉक्टर जी’ को जीत के लिए खुला मैदान नहीं मिलेगा। ‘डॉक्टर जी’ भी उसी संकट में दिख रही है, जिस संकट में विक्रम वेधा खड़ी हुई थी। दक्षिण का सिनेमा बॉलीवुड को निगलता जा रहा है।