अर्चना कुमारी। राजधानी की कानून व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है और इस बार संगम विहार इलाके में ठक-ठक गिरोह ने जम्मू कश्मीर सरकार में महिला डिप्टी लैबर कमिश्नर को अपना शिकार बनाया। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने महिला से उनका पर्स लूटने का प्रयास किया। लेकिन महिला अधिकारी ने जब अपना पर्स नहीं छोड़ा तो आरोपी स्कूटी से उनको करीब 100 मीटर तक घसीटकर ले गए। बाद में आरोपी महिला का पर्स ले जाने में कामयाब रहे।
बताया जाता है कि लूटपाट में अधेड़ उम्र की महिला अधिकारी विदुषी कूपर शर्मा (47) जख्मी हो गईं। उनको बत्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई । इस घटना के बाद अब तक कोई आरोपी नहीं पकड़ा गया है जबकि संगम विहार थाना पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस सूत्रों का दावा है कि विदुषी कूपर शर्मा परिवार के साथ वसंंतकुंज में रहती हैं। जबकि वह जम्मू और कश्मीर में तैनात है । वह अपने बेटे के साथ घर से फरीदाबाद किसी काम के लिए निकलीं। उनका कहना था कि इस बीच जैसे ही वह खानपुर टी-प्वाइंट के पास पहुंची अचानक दो लड़कों ने इशारा कर उनसे कार से तेल निकलने की बात की।
इस पर विदुषी ने एक साइड में कार को रोका और वह कार की जांच करने लगीं। इस बीच स्कूटी सवार दो अन्य युवक वहां पहुंचे। इसके बाद दोनों आरोपियों ने विदुषी के कंधे पर लटका उनका पर्स छीनने की कोशिश की। लेकिन उन्होंने अपना पर्स नहीं छोड़ा। आरोपियों ने जोर से झटका मारकर विदुषी को सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद भी उन्होंने पर्स नहीं छोड़ा।
जिसके बाद आरोपी उनको करीब 100 मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गए। जख्मी होने के बाद विदुषी ने अपना पर्स छोड़ दिया। पर्स लेकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई जिन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला अधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराया।
विदुषी ने पुलिस को बताया है कि उनके पर्स में कुछ कैश, एटीएम कार्ड और उनको आईकार्ड मौजूद था। दरअसल दिल्ली पुलिस सड़कों पर कम ही दिखाई देती है जिसके चलते अपराधियों के हौसले अक्सर बुलंद रहते हैं और स्थानीय लोगों का मानना है कि पुलिस अपने ड्यूटी के बजाय अवैध कमाई के लिए वसूली पर ज्यादा ध्यान देती है जिसके चलते इस तरह की वारदात पर नकेल कसना मुश्किल होता जा रहा है।