आईएसडी नेटवर्क। एस.एस.राजामौली की मेगा ब्लॉकबस्टर ‘आर आर आर’ ने जापान में बेहतर प्रदर्शन किया है। अब तक फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1100 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। सारी दुनिया को रोमांचित करने के बाद ‘आर आर आर’ ने जापान में शानदार स्टार्ट लिया है। भारत में ये मार्च माह में प्रदर्शित हुई थीऔर ब्लॉकबस्टर सिद्ध हुई थी। राजामौली के लिए दोहरी ख़ुशी का समय है। उनकी इस ब्लॉकबस्टर को लॉस एंजिलिस में ‘सैटर्न अवार्ड 2022’ में बेस्ट इंटरनेशनल फिल्म का अवार्ड दिया गया है।
जापान के सिनेमाघरों में ‘आर आर आर ‘ 21 अक्टूबर को प्रदर्शित हुई थी। जापान में ‘आर आर आर’ सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली दूसरी फिल्म बन गई है। ‘आर आर आर ‘ ने 73 मिलियन येन का कलेक्शन करते हुए सबको चौंका दिया है। फिल्म वहां बहुत पसंद की जा रही है। भारतीय करेंसी में ये आंकड़ा लगभग 4.5 करोड़ होता है। इससे पहले रजनीकांत की एक फिल्म ‘मुथु’ ने सन 1995 में लगभग 22 करोड़ का कलेक्शन किया था।
उल्लेखनीय है कि जापान में रजनीकांत को पसंद करने वाले प्रशंसक लाखों की संख्या में हैं। केजीएफ ‘चैप्टर 2’ के बाद ये इस साल की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। रिकार्ड तोड़ कलेक्शन करते हुए ‘आर आर आर’ जापान की टॉप टेन फिल्मों में शामिल हो गई है। जापान में ये फिल्म 209 स्क्रीन्स पर दिखाई जा रही है। इसमें 31 आईमैक्स स्क्रीन भी शामिल है। ‘आर आर आर’ को जापान में बहुत धूमधाम से रिलीज किया गया था।
रिलीज के लिए जूनियर एनटीआर और राम चरण तेजा जापान गए थे। वे वहां अपने प्रशंसकों से भी रुबरु हुए थे। राजामौली के लिए ये स्वर्णिम समय है। एक तरफ ‘आर आर आर’ ने 1200 करोड़ का कलेक्शन किया है और दूसरी ओर बेस्ट इंटरनेशनल फिल्म का अवार्ड भी मिल गया है। ‘आर आर आर’ ने Downton Abbey: A New Era, Eiffel, I’m Your Man, Riders of Justice, and Silent Night जैसी फिल्मों को पछाड़कर ये उपलब्धि प्राप्त की। राजामौली की इस फिल्म को अवार्ड्स में बेस्ट फिल्म डायरेक्शन और बेस्ट एक्शन/एडवेंचर फिल्म के लिए भी नॉमिनेट किया गया था।