आईएसडी रिपोर्टर। ब्रिटिश सिनेमा ,बॉलीवुड और कॉलीवुड से दुःखी करने वाले समाचार आ रहे हैं। तमिल और तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सरथ बाबू का सोमवार को निधन हो गया। ब्रिटिश अभिनेता ray stevenson का भी 58 वर्ष की आयु में निधन हो गया। इनके अलावा सोमवार को ही टीवी अभिनेता आदित्य सिंह राजपूत का शव घर के बाथरुम में पाया गया। एक ही दिन में तीन कलाकारों ने दुनिया को अलविदा कह दिया।
प्रसिद्ध दक्षिण भारतीय अभिनेता सरथ बाबू ने हैदराबाद के एआईजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे 71 वर्ष के थे। पिछले कुछ दिनों से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। सरथ बाबू सेप्सिस की बीमारी से जूझ रहे थे। अंतिम समय में उनके अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके बाद वे वेंटिलेटर पर रखे गए थे। सरथ बाबू का असली नाम सत्यम बाबू दीक्षितुलु था। उन्होंने लगभग 200 फिल्मों में काम किया।
सरथ बाबू तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में नियमित रुप से देखे जाते थे। दर्शकों के लिए वे जाना-पहचाना चेहरा थे। उनकी पहली फिल्म ‘राम राज्यम’ थी। सह-कलाकार के किरदारों में अभिनय के लिए सरथ बाबू ने नौ बार नंदी अवार्ड जीता था। ब्रिटिश सिनेमा के प्रसिद्ध कलाकार ray stevenson के निधन ने सबको चौंका दिया है। ray ने एस.एस.राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ में खलनायक का किरदार निभाया था। फिल्म में वे गवर्नर स्कॉट की भूमिका में दिखाई दिए थे। ray के निधन के कारणों की कोई जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है।
ray एक सिद्धहस्त कलाकार थे। उन्होंने मार्वल की ‘थॉर’ में भी एक महत्वपूर्ण किरदार किया था। ‘आरआरआर’ के किरदार ने उन्हें भारत में बहुत ख्याति दिलाई थी। टीवी इंडस्ट्री के अभिनेता आदित्य सिंह राजपूत मुंबई के अँधेरी स्थित घर के बाथरुम में मृत पाए गए हैं। आदित्य को उनके दोस्तों और वॉचमैन ने संदिग्ध अवस्था में देखा था और अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में डाक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिल रही है कि आदित्य की मौत का कारण ड्रग का ओवरडोज हो सकता है।
आदित्य महज 32 वर्ष के थे। उन्होंने ‘क्रांतिवीर’ और ‘मैंने गांधी को नहीं मारा’ में बतौर अभिनेता काम किया था। मुंबई पुलिस ने मामले की जाँच शुरु कर दी है। अब तक इस मामले में अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है।