आईएसडी नेटवर्क। तुनिशा शर्मा सुसाइड केस में गिरफ्तार शीजान खान पुलिस के सामने ज़ुबान नहीं खोल रहा है। शीजान पर तुनिशा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए गए हैं। ऐसा भी बताया जा रहा है कि उसके कई लड़कियों के साथ अवैध संबंध थे। हालांकि पुलिस रिमांड में पूछताछ से परेशान शीजान बार बार किसी और लड़की से संबंध होने से इंकार कर रहा है। शीजान को 28 दिसंबर तक रिमांड में रखकर पूछताछ की जाएगी। मंगलवार को तुनिशा का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
तुनिशा शर्मा के सह अभिनेता शीजान खान पर आरोप लगाए गए हैं कि वह तुनिशा के साथ रिलेशनशिप में रहते हुए अन्य लड़कियों को डेट कर रहा था। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने अन्य लड़कियों से संबंध होने से मना कर दिया। शीजान ने पुलिस के सामने ये भी स्पष्ट ढंग से नहीं बताया कि उसने तुनिशा के साथ ब्रेकअप क्यों कर लिया था।
वालीव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शीजान एक ही बयान पर कायम नहीं है। वह बार बार अपना बयान बदल रहा है। जानकारी के अनुसार शीजान की गुप्त प्रेमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। शीजान दो दिन से लगातार अलग-अलग कहानी बता रहा है। जब एक महिला पुलिस अधिकारी ने उसके साथ सख्ती से पूछताछ की तो वह फूट-फूट कर रोने लगा।
इस केस में पुलिस लगातार शीजान और तुनिशा के करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने अब तक 17 लोगों से पूछताछ की है। तुनिशा की मौत के दिन जो लोग शूटिंग सेट पर मौजूद थे, उन सबसे पुलिस पूछताछ करेगी। जानकारी है कि मौत से पंद्रह दिन पहले तुनिशा और शीजान के संबंध समाप्त हो गए थे। तुनिशा ने शीजान और किसी दूसरी लड़की के चैट पढ़ लिए थे।
इसके बाद ही बात बिगड़ गई। उल्लेखनीय है कि गत शनिवार तुनिशा का शव उनके को-स्टार शीजान खान के मैकअप रुम में फंदे पर लटकता पाया गया था। इसके बाद वालीव पुलिस ने रविवार को शीजान को गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को तुनिशा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार में शीजान की माँ और बहन के पहुँचने की जानकारी भी प्राप्त हुई है।
ये भी पढें–तुनिशा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में शीजान खान गिरफ्तार