आईएसडी नेटवर्क। तुनिशा शर्मा सुसाइड केस में मुंबई पुलिस ने उनके सह अभिनेता शीजान खान को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को टीवी ऐक्ट्रेस तुनिशा का शव शीजान के मैकअप रुम में लटकता हुआ पाया गया था। उसके बाद पुलिस ने शूटिंग के सेट पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी थी। पुलिस ने शीजान को आत्महत्या के लिए उकसाने के लिए केस दर्ज कर किया है।
रविवार की सुबह लगभग 4 बजे मुंबई के जेजे अस्पताल में तुनिशा के शव का पोस्टमार्टम किया गया था। उनके शव को यहाँ रात लगभग 1.30 बजे लाया गया था। रविवार की सुबह तुनिशा का शव उनके परिवार को सौंप दिया गया था। रविवार शाम को तुनिशा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। तुनिशा की माँ की शिकायत के बाद शीजान को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।
कोर्ट ने शीजान खान से पूछताछ के लिए चार दिन की रिमांड दे दी। पुलिस की एफआईआर में कहा गया है कि शीजान और तुनिशा के बीच प्रेम संबंध थे। शीजान ने पंद्रह दिन पहले ही तुनिशा के साथ ब्रेकअप कर लिया था। बताया जा रहा है कि इसके चलते ही तुनिशा तनाव में चल रही थीं। ऐसे भी आरोप लगाए जा रहे थे कि तुनिशा गर्भवती थीं। हालाँकि पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम में प्रेग्नेंसी के कोई निशान नहीं मिले हैं।
तुनिशा ने मौत से चौबीस घंटे पूर्व जिन लोगों से बातचीत की थी, पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। तुनिशा के शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं और न ही उनका लिखा कोई सुसाइड नोट घटनास्थल से बरामद हुआ है। शनिवार को वर्ली के स्टूडियों में तुनिशा एक म्यूजिक वीडियो की शूटिंग करने वाली थीं। शनिवार को मौत से पांच घंटे पूर्व उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट डाली थी। पोस्ट में उन्होंने लिखा था ‘जो अपने जुनून से आगे बढ़ते हैं वो रुकते नहीं हैं।’