विपुल रेगे। एक समय के टॉप मसाला फिल्म निर्देशक रहे डेविड धवन के बड़े बेटे रोहित भी एक फिल्म निर्देशक हैं। रोहित अपने पिता की तरह ही कम बजट में फ़िल्में बनाना पसंद करते हैं। उन्होंने अब तक तीन फ़िल्में बनाई हैं। इनमे से एक ‘शहज़ादा’ फरवरी में रिलीज होने जा रही है। रोहित की पिछली फिल्म ‘ढिशूम’ बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। अब उन्होंने कार्तिक आर्यन पर दांव खेला है और इस समय कार्तिक डिमांड में चल रहे हैं। ‘शहज़ादा’ का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज हुआ है।
‘शहज़ादा’ का ट्रेलर गुरुवार की दोपहर रिलीज किया गया। ट्रेलर को शाम होते-होते लगभग डेढ़ लाख दर्शकों ने देख लिया था। कार्तिक आर्यन और कृति सेनन की मुख्य भूमिकाओं वाली ये फिल्म टिकट खिड़की पर हंगामा मचाने की भरपूर संभावनाएं रखती है। ‘शहज़ादा’ अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘अला वैकुंठपुरमूलू’ की आधिकारिक रीमेक है। ट्रेलर को भरपूर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।
कार्तिक की ‘भूल भुलैया 2’ और ‘फ्रेडी’ बॉक्स ऑफिस पर हिट रही है। इस समय कार्तिक डिमांड में हैं। ट्रेलर देखने के बाद विश्वास के साथ कहा जा सकता है कि कार्तिक का विजयी रथ ‘शहज़ादा’ से और तेज़ दौड़ेगा। कार्तिक की फैन फॉलोइंग लगातार बढ़ रही है। निर्देशक रोहित धवन का ट्रेक रिकार्ड काफी बेहतर है। विशेष रुप से बॉक्स ऑफिस पर वे एक किफायती फिल्म निर्देशक सिद्ध हुए हैं।
वे कम लागत और नए कलाकारों को साथ लेकर फिल्म बनाते हैं और लाभ कमाते हैं। कार्तिक का एक्शन अवतार उनके समकालीन अभिनेताओं को सोचने पर विवश कर देगा। अब सफलता का नमक उनके चेहरे पर दिखाई देता है और जब ये नमक चेहरे पर चढ़ जाता है तो फ़िल्में नाम से चलने लगती हैं। कार्तिक युवा हैं। सिनेमा का पर्दा बूढ़े होते कलाकारों को पसंद नहीं करता।
सेल्युलाइड को ताज़ा युवा चेहरे पसंद आते हैं। कार्तिक और कृति की केमेस्ट्री परदे पर अच्छी लगती है। ‘शहज़ादा’ के पक्ष में तीन बातें उल्लेखित की जा सकती है। कार्तिक आर्यन की स्टार वेल्यू, रोहित धवन का अच्छा व्यावसायिक रिकॉर्ड और कृति-कार्तिक की केमेस्ट्री फिल्म के पक्ष में जाती दिखाई दे रही है। फिल्म 10 फरवरी को रिलीज की जा रही है।
कार्तिक आर्यन, कृति सेनन, मनीषा कोइराला, परेश रावल और रोनित रॉय की मुख्य भूमिकाओं वाली ‘शहज़ादा’ ने अपने ट्रेलर से दर्शकों में उत्सुकता जगा दी है।