आईएसडी नेटवर्क। क्या आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के घर बहुत जल्दी शहनाई बजने जा रही है ? बीते दिनों के घटनाक्रम पर नज़र डाले तो ऐसा ही लग रहा है। पिछले दिनों राघव चड्ढा और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा एक साथ एक कॉफी हाउस के बाहर स्पॉट हुए थे। तभी से दोनों के बीच चल रहे रिश्ते को लेकर मीडिया कयास लगाने लगा था। सूत्रों के अनुसार अपुष्ट जानकारी मिली है कि बहुत जल्दी राघव चड्ढा परिणीति से शादी करने जा रहे हैं।
मीडिया की ख़बरों के अनुसार राघव और परिणीति एक दूसरे से लंबे समय से मिल रहे थे। पता चला है कि दोनों के परिवारों की भी आपस में मुलाक़ात हो गई है। सूत्रों के अनुसार बहुत जल्दी दोनों की शादी की घोषणा सार्वजनिक रुप से की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार अब तक कोई औपचारिक समारोह नहीं हुआ है लेकिन परिवारों की सहमति के बाद जल्द ही सगाई हो सकती है। पिछले दिनों राघव और परिणीति को एक साथ देखे जाने के बाद ये बातें शुरु हुई।
दोनों को साथ देखकर लोगों ने अनुमान लगाया कि दोनों डेटिंग कर रहे हैं। मीडिया ने इस बारे में राघव से भी सवाल किया लेकिन उन्होंने कहा कि ‘राजनीति के बारे में पूछिए, परिणीति के बारे में नहीं।’ अपने रिश्ते के बारे में राघव और परिणीति सार्वजनिक रुप से बोलने से बच रहे हैं। दोनों ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में एक साथ पढा़ई की है और उनके कई सामान्य मित्र हैं। नई दिल्ली के निवासी राघव चड्ढा भारत के सबसे कम उम्र के सांसद हैं। उन्होंने विदेश में अध्ययन किया है।
परिणीति चोपड़ा ख्यात अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की चचेरी बहन हैं। उन्होंने सन 2011 में फिल्म ‘लेडीज़ वर्सेज रिकी बहल’ से अपना कॅरियर शुरु किया था। परिणीति को आखिरी बार अमिताभ बच्चन और अनुपम खेर के साथ फिल्म ‘ऊंचाई’ में देखा गया था।