विपुल रेगे। अभी ‘कांतारा’ का जादू थमा भी नहीं है और एक दूसरा तूफ़ान दक्षिण की ओर से बॉलीवुड की ओर चल पड़ा है। एक और कन्नड़ फिल्म ‘कब्जा’ हिन्दी बेल्ट में प्रदर्शित होने जा रही है। फिल्म का टीजर देखने के बाद इतना तो कहा जा सकता है कि ‘कब्ज़ा’ केजीएफ की परंपरा की ही दूसरी फिल्म है। इसका सिनेमाई ट्रीटमेंट बहुत जबर्दस्त दिखाई दे रहा है।
‘कब्ज़ा’ को निर्देशक आर.चंद्रु ने निर्देशित किया है। कहानी पहले ही दर्शकों के सामने रख दी गई है। ये एक पीरियड एक्शन थ्रिलर है। कहानी का समय ब्रिटिश भारत से लेकर अस्सी के दशक तक का बताया गया है। ये एक स्वतंत्रता सेनानी के बेटे की कहानी है। गाँधी के समर्थक इस स्वतंत्रता सेनानी को कुछ लोगों द्वारा बेरहमी से मार दिया जाता है। उसका बेटा अपराध की दुनिया में कदम रख देता है।
मुख्य भूमिकाओं में किच्चा सुदीप, उपेंद्र और श्रिया शरण दिखाई देंगे। फिल्म में सिनेमेटोग्राफी कमाल की दिखाई दे रही है। इसे हम सहज ही अंतरराष्ट्रीय स्तर का कह सकते हैं। आर्ट डायरेक्शन अद्भुत दिखाई दे रहा है। दक्षिण की फिल्मों में आर्ट डायरेक्शन देखने लायक होता है। कैमरा टीम अर्जुन शेट्टी की है। शेट्टी की टीम का काम सराहनीय दिखाई दे रहा है। कन्नड़ सिनेमा ने बॉलीवुड को गहरी चोट मार दी है।
अल्लू अर्जुन की पोस्टर फाड़ एंट्री के बाद लगभग सभी भाषाओं की फ़िल्में बॉलीवुड को टक्कर देने आ रही है। कांतारा अब भी हिन्दी बेल्ट के थियेटर्स में धड़ाके से चल रही है। इसने वर्ल्डवाइड 300 करोड़ से अधिक का कलेक्शन कर डाला है। हिन्दी बेल्ट में इसने 57 करोड़ का कलेक्शन किया, जो कि मायने रखता है। हिन्दी बेल्ट ने फिल्म की लागत से दोगुना कलेक्शन दिया है।
दर्शकों का टेस्ट बदल चुका है। पिछले दो वर्षों में दर्शकों ने बार-बार ये सिद्ध किया कि भारत और भारतीय संस्कृति की बात करने वाली फिल्म ही अब यहाँ चलेगी। हिन्दी बेल्ट में ‘कांतारा’ की बिग सक्सेस देख ट्रेड पंडित चकित हैं। जिस हिन्दी भाषा को हथियार बनाकर बॉलीवुड राज कर रहा था, उसी हिन्दी को अब दक्षिण ने हथियार बना लिया है। फिल्म के निर्माताओं ने ‘कब्ज़ा’ के हिन्दी पोस्टर तक छपवाए हैं।
इससे पता चलता है कि हिन्दी बेल्ट पर कब्ज़ा करने के लिए दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग तैयारी के साथ आया है। फिल्म दर फिल्म हिन्दी बेल्ट पर उनकी पकड़ मजबूत होती चली जा रही है। यदि बॉलीवुड खान यूनिवर्स से बाहर नहीं आता, तो वह उसी यूनिवर्स के साथ दफन हो सकता है।