अर्चना कुमारी। दिल्ली पुलिस का एक सिपाही हरे टिड्डे की फिरौती के चक्कर में फंस गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों का दावा है कि चांदनी महल थाना पुलिस ने एक युवक को अगवा कर फिरौती मांगने के आरोप में दिल्ली पुलिस के सिपाही समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया ।
इनकी पहचान सिपाही सुमेर सिंह मीणा व इसके दो साथी मोहम्मद हाशिम और मोहम्मद सादिक के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़ित जहांगीर आलम (34) को आरोपियों के चंगुल से सकुशल मुक्त करा लिया । पुलिस सूत्रों का दावा है कि मामला सिगरेट की तस्करी से जुड़ा है।
जहांगीर आलम सिगरेट तस्करी कर भारत लाया था। माल उसे आरोपियों को सौंपना था, लेकिन लालच की वजह से जहांगीर ने दो लाख में सिगरेट बेच दी। जिसके बाद पैसे लेने के लिए आरोपियों ने जहांगीर को अगवा किया था। दरअसल चांदनी महल थाना पुलिस को एक परिवार ने जहांगीर नामक युवक को फिरौती के लिए अगवा करने की सूचना दी।
पीड़ित परिवार ने बताया कि जहांगीर को कुछ अज्ञात युवकों ने अगवा कर लिया है और अब उसे छोड़ने के बदले आरोपी दो लाख की डिमांड कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर टेक्निकल सर्विलांस व मुखबिरों की मदद से युवक को सकुशल मुक्त करा लिया। जबकि इस आरोप में आरोपी सिपाही सुमेर सिंह व बाकी दोनों आरोपी मो. हाशिम और मो. सादिक को गिरफ्तार कर लिया।
छानबीन के दौरान जहांगीर ने बताया कि वह पहले लुधियाना में सिलाई का काम करता था। ज्यादा रुपयों के चक्कर में कमाने के लिए वह सऊदी अरब चला गया। वहां जाकर वह फंस गया। उसे काम के बदले बेहद कम सैलरी मिलती थी। उसके पास वापस आने के पैसे भी नहीं थे। इस दौरान एक जानकार के जरिये आरोपियों ने जहांगीर से संपर्क किया। आरोपियों ने उसे लालच दिया कि वह एक बैग लेकर दिल्ली जाएगा और उनके साथियों को देगा।
इसके बदले वह उसका टिकट कराकर वापस भारत भेजेंगे।जहांगीर तैयार हो गया।वह आरोपियों का बैग लेकर पिछले दिनों दिल्ली आ गया। यहां पहुंचकर उसने बैग खोला तो उसमें महंगी विदेशी सिगरेट थी। जहांगीर को लालच आ गया। उसने आरोपियों को देने के बजाए सिगरेट बेच दी।
इधर आरोपियों ने उससे बैग की मांग की। बैग न होने की बात कर आरोपियों ने जहांगीर को अपने पास बुला कर अगवा कर लिया और आरोपियों ने जहांगीर को मायापुरी और तुगलकाबाद में रखा लेकिन उसे अब मुक्त करा लिया गया है। अभी तक की जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दिल्ली पुलिस का सिपाही से आरोपियों का क्या रिश्ता है ऐसा माना जा रहा है कि वह इसमें किंगपिन की भूमिका निभा रहा था