अर्चना कुमारी। जहांगीरपुरी में पिछले साल हुई सांप्रदायिक झड़प के दौरान पत्थरबाजी करने के आरोप में 24 वर्षीय एक शख्स को उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी सलमान उर्फ सुलेमान उस समूह का हिस्सा था, जिसने कथित रूप से पिछले वर्ष 16 अप्रैल को दंगे की साजिश रची और इसे अंजाम दिया। पुलिस का दावा है कि नई गिरफ्तारी के साथ पुलिस का दावा है कि उसने घटना में शामिल नाबालिगों समेत 36 से ज्यादा लोगों को पकड़ा है। सलमान की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम रखा गया था। आरोपी नशे का आदी बताया जाता है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान पाया कि आरोपी दंगे की साजिश रचने और इसे अंजाम देने में शामिल था। वह पत्थरों को एकत्र करने और पत्थरबाजी में सक्रिय रूप से शामिल था। घटना के बाद वह पश्चिम बंगाल भाग गया था और इसके बाद मुंबई चला गया था। दिल्ली पहुंचने से पहले सलमान लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
इससे पहले वह हत्या की कोशिश और चोरी के मामलों में संलिप्त पाया गया था। पुलिस ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि जहांगीरपुरी दंगों में शामिल सलमान 11 फरवरी को किसी व्यक्ति से मिलने आ रहा है। हमारी टीम ने जाल बिछाया और मंगल बाजार, महेन्द्र पार्क के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पिछले वर्ष 16 अप्रैल को जहांगीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव पर शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई थी। इस झड़प में आठ पुलिसकर्मी और एक स्थानीय नागरिक घायल हो गया था। झड़प के दौरान पथराव किया गया और कुछ वाहनों को आग लगा दी गई थी। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ रासुका लगाया है।