विपुल रेगे। इन दिनों लाल सिंह चड्ढा की बदनामी की हर ओर चर्चा है। इस चर्चा में एक छोटी सी फिल्म की खबर ने अपनी जगह बना ली है। प्रचार तंत्र में वह आमिर की फिल्म के आगे कुछ नहीं लेकिन उसकी कथावस्तु श्रीकृष्ण के साथ जुड़ी हुई है। कार्तिकेय : 2 के लिए दीवानगी बढ़ती जा रही है। इसके पहले भाग में कथा की भूमिका बनाई गई थी। दूसरे भाग में कथा अपने मूल विषय यानी श्रीकृष्ण और उनसे जुड़ी किवंदतियों की ओर जाती है।
कार्तिकेय का पहला भाग सन 2014 में प्रदर्शित हुआ था। निर्देशक चंदू मोंडेती की इस काम बजट फिल्म ने बीस करोड़ का कलेक्शन किया। इस लिहाज से फिल्म का पहला भाग सफल कहा जा सकता है। पहले भाग में फिल्म लगभग अंत में अपने विषय पर आती है। इसका मूल विषय श्री कृष्ण है। फिल्म को मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद इसका दूसरा भाग बनाया जा रहा है। निखिल सिद्धार्थ ने फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई है। पहले भाग में भी निखिल ही केंद्रीय भूमिका में थे।
प्रोमो में द्वारिका का विध्वंस और इससे जुड़ी पांच हज़ार वर्ष प्राचीन एक भविष्यवाणी का उल्लेख किया गया है। वीएफएक्स बाहुबली की रेंज के दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इसे पूर्ण रुप से शोध कर द्वारिका की ओर मोड़ा जा रहा हो, ऐसा ट्रेलर देखकर लगा नहीं। इतना अवश्य है कि फिल्म में द्वारिका के रहस्य की ओर संकेत किया गया है। ऐसा अनुमान है कि फिल्म दो प्लाटों पर चलेगी। इनमे से एक काली शक्तियों का वाहक गिरोह भी दिखाया गया है।
कृष्ण पर ये वाला भाग बनाने से पूर्व यदि निर्माता-निर्देशक प्रसिद्ध खोजी बिरेन्द्र के.झा से मिल लिए होते तो आज उनकी फिल्म का पुट समुद्र में डूबी द्वारिका की तरह गहन और वास्तविक हो जाता। बिरेन्द्र झा ने एक नया आविष्कार किया है। वे अपनी एनालॉग तकनीक की सहायता से समुद्र का पानी हटाकर नीचे के हिस्से देख सकते हैं। उन्होंने जो द्वारिका खोज निकाली है, उसका तो यहाँ वर्णन भी नहीं किया जा सकता। ये क्या कम है कि इस दौर में हमें श्रीकृष्ण पर आधारित एक सस्पेंस -थ्रिलर देखने को मिल रहा है।
फिल्म के प्रोमो आकर्षक हैं और भीड़ भी जुटाने में सक्षम है। आमिर खान की फिल्म को कार्तिकेय टक्कर दे सकती है लेकिन उनका प्रचार अब तक बहुत पिछड़ा हुआ है। लाल सिंह चढ्ढा प्रचार में इस फिल्म से बहुत आगे दिखाई दे रहा है। हिन्दी पट्टी को आकर्षित करने के लिए अनुपम खेर के साथ अब भी अच्छा प्रचार किया जा सकता है। कार्तिकेय के द्वितीय संस्करण में अनुपम खेर की अच्छी भूमिका है। फिल्म को लेकर अब हिन्दी पट्टी में वे दर्शक जान गए हैं, जो सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। इसका प्रोमो लाखों लोगों ने देखा है सो अच्छी ओपनिंग की आस दिखाई दे रही है।