काबुल: अमेरिकी सेनाओं को अफगानिस्तान से बाहर करने के बाद अब तालिबान के असली मंसूबे दुनिया के सामने आने लगे हैं। तालिबानी आतंकवादियों ने राजधानी काबुल में दुनिया का एक विशाल नया नक्शा बनवाया है। दुनिया के इस नए नक्शे में अफगानिस्तान के आकार को उसकी वास्तविक सीमा से काफी बड़ा दिखाया गया है। तालिबानी नक्शे के मुताबिक खैबर पख्तूनख्वा प्रांत समेत आधा पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, ईरान और उज्बेकिस्तान का बड़ा हिस्सा अफगानिस्तान का हिस्सा है। यही नहीं तालिबान ने कश्मीर को एक अलग देश के रूप में दिखाया है। भारत का पंजाब और राजस्थान का इलाका पाकिस्तान का बताया गया है।
पूरे अफगानिस्तान को नक्शे में तालिबान के सफेद रंग में दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि भुखमरी और कंगाली से जूझ रहे अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने दुनिया के इस विशाल नक्शे वाले ग्लोब को करीब 10 लाख अफगानी मुद्रा खर्च करके बनवाया है। यही नहीं तालिबान के प्रवक्ता आधिकारिक जबीउल्ला मुजाहिद ने इस नक्शे को ट्वीट करके शेखी बघारी और बताया कि इसे एक स्थानीय कारीगर ने तैयार किया है। सोशल मीडिया में इस नक्शे की तस्वीरें वायरल होने के बाद पाकिस्तान से लेकर उज्बेकिस्तान तक से तीखी प्रतिक्रिया जताई जाने लगी।
तालिबान ने बनवाया दुनिया का नया नक्शा
तालिबान का नक्शा भारत के लिए बहुत खतरनाक
पाकिस्तानी सोशल मीडिया यूजर तालिबानी प्रवक्ता के ट्वीट के बाद भड़क गए और पाकिस्तान सरकार से तत्काल तालिबान से इस संबंध में विरोध दर्ज कराने के लिए कहा। हाल ही में बनाए गए तालिबानी नक्शे में पड़ोसी कजाखस्तान, ईरान, पाकिस्तान और भारत चारों देशों की सीमा में बड़ा बदलाव दिखाया गया है। ईरान के एक बड़े हिस्से को तालिबान ने अपना बताया है। पाकिस्तान और तालिबान के बीच सीमा को लेकर पिछले काफी समय से जंग जैसे हालात हैं। अक्सर डूरंड लाइन पर तालिबानी तोपें गरजने लगती हैं। तालिबान ने डूरंड लाइन को अभी तक मान्यता नहीं दी है।
तालिबान का यह नया नक्शा भारत के लिए भी बहुत खतरनाक है। तालिबान ने भारत के जम्मू- कश्मीर प्रांत को अलग देश के रूप में दिखाया है। यही नहीं भारत के पंजाब, राजस्थान और हरियाणा राज्यों को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया है। तालिबानी नक्शे पर बवाल मचा हुआ है और दुनिया से मांग की जा रही है कि वह तालिबान आतंकी महत्वाकांक्षा पर ऐक्शन ले नहीं तो आगे चलकर बहुत देर हो जाएगी। यह वही तालिबान है जो अभी भारत से लगातार निवेश की गुहार लगा रहा है।
तालिबानी प्रवक्ता ने ट्वीट किया नया नक्शा
तालिबान भारत को धोखा दे रहा ? उठ रहे सवाल
तालिबान भारत से विकास परियोजनाओं और पहले से चली आ रही सहायता राशि को फिर से जारी करने की अपील कर रहा है। भारत ने अफगानिस्तान को मानवीय मदद के नाम पर कई टन गेहूं भेजा है। वह भी तब जब दुनियाभर से गेहूं के लिए गुहार लगाई जा रही है। यही नहीं भारत ने काबुल स्थित अपने दूतावास को फिर से खोल दिया है। भारत तालिबानी सरकार के साथ मिलकर काम करने को तैयार है लेकिन इस नक्शे से दोनों के बीच भविष्य में रिश्तों को लेकर सवाल उठने लगा है। कहा यह भी जा रहा है कि तालिबान भारत को धोखा दे रहा है।