आईएसडी नेटवर्क। विवेक रंजन अग्निहोत्री की द कश्मीर फाइल्स अपना अश्वमेध यज्ञ पूरा करने चल पड़ी है। मात्र तीन दिन में ये फिल्म मूवी ऑफ़ द नेशन बनकर उभरी है। पहले दिन मात्र 3.55 करोड़ का कलेक्शन करने के बाद फिल्म ने ऐसी रफ़्तार पकड़ी है कि रिलीज के तीसरे दिन इसका कलेक्शन बढ़कर 14 करोड़ से ऊपर निकल गया। फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स से स्पष्ट है कि कश्मीरी पंडितों के नरसंहार पर बनी ये फिल्म बहुत जल्दी 100 करोड़ का कलेक्शन कर लेगी।
शुक्रवार को द कश्मीर फाइल्स देश के 600 स्क्रीन्स पर प्रदर्शित हुई थी। फिल्म को कम स्क्रीन मिलने के बावजूद प्रथम दिन इसने 3.55 करोड़ का कलेक्शन कर ट्रेड पंडितों को चौंका दिया। फिल्म की कहानी और प्रस्तुतिकरण दर्शकों के मन को छू गया। अधिकांश फिल्म समीक्षकों ने इसे एक उत्कृष्ट फिल्म बताया। फिल्म को माउथ पब्लिसिटी का लाभ भी मिलता दिखाई दे रहा है।
ये भी पहली बार देखा गया कि सोशल मीडिया पर किसी फिल्म को लेकर आम दर्शकों ने समीक्षाएं लिखी है। इसके अलावा दर्शकों ने इस फिल्म का खूब प्रचार भी किया। दूसरे दिन के कलेक्शन में जबरदस्त उछाल देखा गया। दूसरे दिन फिल्म ने दोगुना कलेक्शन करते हुए 8.5 करोड़ बटोर लिए। रविवार को इसका कलेक्शन सबसे अधिक 14 करोड़ रहा।
600 स्क्रीन्स पर प्रदर्शित होकर तीसरे दिन इतना कलेक्शन करने का अर्थ है कि विवेक रंजन अग्निहोत्री की फिल्म ब्लॉकबस्टर होने की ओर कदम बढ़ा चुकी है। इस बीच राजनेताओं द्वारा फिल्म पर प्रतिक्रियाएं आना शुरु हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये फिल्म देख ली है और इसे बहुत प्रभावशाली फिल्म बताया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को पंचकूला के एक थियेटर में एक फिल्म देखी और उसकी बहुत प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि हरियाणा और गुजरात सरकार ने पहले ही फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया था। रविवार की शाम मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भी अपने राज्य में फिल्म को टैक्स फ्री करने की घोषणा कर दी।
ये देखा गया है कि सप्ताहांत के बाद सोमवार से फिल्मों के कलेक्शन में उतार आ जाता है। हालाँकि इंडिया स्पीक्स डेली का अनुमान है कि सोमवार को भी द कश्मीर फाइल्स की रफ़्तार में कोई कमी नहीं आने वाली है। अनुमान है कि सोमवार को फिल्म आठ से दस करोड़ का कलेक्शन करेगी।