अर्चना कुमारी। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय किसी न किसी वजह से विवादित रहा है और इस बार यहां एक रिसर्च स्कॉलर की पत्नी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त माधुरी कुमारी (26) के रूप में हुई है। पुलिस को मृतका के सिर पर चोट के निशान मिले। लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि माधुरी ने आत्महत्या की या उसकी हत्या की गई या फिर उसके साथ कुछ गलत हुआ।
शुरूआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि माधुरी ने नीचे कूदकर जान दे दी है। पुलिस को मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतका के पति और हॉस्टल के बाकी लोगों से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल वसंतकुंज नॉर्थ थाना पुलिस कैंपस में लगे सीसीटीवी से भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस सूत्रों का कहना है मृतका माधुरी का पति संतोष कुमार जेएनयू कैंपस में ब्रह्मपुत्र हॉस्टल में रहता था। जबकि पूछताछ में पता चला है कि वह जेएनयू से पीएचडी कर रहा है। तीन माह पूर्व ही संतोष और माधुरी की शादी हुई थी। संतोष ने पुलिस को बताया है कि उसकी पत्नी को मिर्गी की बीमारी थी और पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी। उसकी पत्नी पति के पास हॉस्टल में आई हुई थी। इस बीच बुुधवार शाम को अचानक माधुरी की तबीयत बिगड़ी, बताया जाता है कि उसे मिर्गी का दौरा पड़ा।
संतोष पहले उसे नजदीकी अस्पताल ले गया, बाद में उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। इसके बाद देर रात को वह पति के साथ घर आ गई। सुबह तक वह ठीक-ठाक थी। संतोष ने बताया कि 6.30 बजे वह बाथरूम में गया तो इस बीच माधुरी दूसरी मंजिल के कमरे से संदिग्ध हालात में बृहस्पतिवार को नीचे गिर गई।
कैंपस की सिक्योरिटी गार्ड ने माधुरी को घायल पड़ा देखकर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। संतोष ने बताया कि उसे नहीं पता कि उसकी पत्नी कैसे नीचे गिरी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जिस तरह माधुरी के सिर में चोट लगी है, उससे पुलिस उसकी मौत पर संदेह जता रही है। इस बारे में महिला के पति या किसी और को भी क्लीन चिट नहीं दिया गया है और सभी लोगों से पूछताछ जारी है।