आईएसडी नेटवर्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महान चिंतक और जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय पर बनने वाली फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। दीनदयाल-एक युगपुरुष शीर्षक से बनने वाली इस फिल्म का पहला प्रोमो शुक्रवार की शाम को प्रदर्शित होने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पंडित दीनदयाल का जन्म 25 सितंबर को हुआ था।
आज उनकी जयंती के दिन ही दीनदयाल-एक युगपुरुष का प्रोमो जारी किया जा रहा है। इस प्रोमो को देखने के लिए संघ परिवार और भाजपा के लोगों में बहुत उत्सुकता देखी जा रही है। अभिनेत्री दीपिका चिखलिया टोपीवाला ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर जारी कर बताया कि फिल्म अब रिलीज के लिए तैयार है।
दीनदयाल के निर्देशक मनोज गिरी हैं। दीनदयाल की भूमिका इमरान हसनी ने निभाई है। इमरान एक स्वाभाविक अभिनेता हैं और चरित्र भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं। पंडित दीनदयाल जी की भूमिका के लिए इमरान का चयन सर्वथा उपयुक्त है क्योंकि इमरान का व्यक्तित्व और कद-काठी उनसे मिलती है। निर्देशक ने एक सही चुनाव किया है।
फिल्म की स्क्रिप्ट धीरज मिश्र ने लिखी है। धीरज इससे पहले चाफेकर ब्रदर्स और जय जवान जय किसान का स्क्रीनप्ले लिख चुके हैं। उनके चयन से दिखाई देता है कि वे राष्ट्रवादी विचारधारा के हैं। धीरज के मुताबिक उन्होंने विस्तृत शोध के बाद इस फिल्म की कहानी लिखी है।
धीरज के अनुसार उनकी कहानी में पंडित जी की मृत्यु से जुड़े रहस्य पर प्रकाश डाला जाएगा। पंडित दीनदयाल का शव मुगलसराय रेलवे स्टेशन की पटरियों पर पड़ा मिला था। उनकी मृत्यु संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई थी। उनके ही सम्मान में इस स्टेशन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन कर दिया गया था।
फिल्म में अनिता राज का किरदार पंडित जी की मुंहबोली बहन लता खन्ना का है। फिल्म में दीपिका चिखलिया नकारात्मक किरदार में दिखाई देंगी। सीता के चरित्र से प्रसिद्ध हुई दीपिका का अब नकारात्मक भूमिका में कमबैक हो रहा है।