अर्चना कुमारी। देश की राजधानी रोहिणी जिला के अमन विहार इलाके में 16 दिसंबर 2022 को गीता शर्मा (50) नामक महिला की हत्या कर दी गई थी। महिला का कसूर सिर्फ इतना था कि इसके बेटे दीपक ने दूसरे धर्म की लड़की शादी कर ली थी। मामले में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने लड़की दो भाइयों समेत चार को गिरफ्तार कर लिया था।
लेकिन दो आरोपी लगातार पुलिस को चकमा दे रहे थे। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अब इन दोनों आरोपियों गगन विहार, साहिबाबाद, यूपी निवासी अरमान (25) और अजहर (22) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस आयुक्त ने 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
दोनों आरोपी पहले भी लूटपाट के छह मामलों में शामिल रह चुके हैं। अरमान पेशे चालक का काम करता है, वहीं अजहर मजदूरी करता है। पिछले छह माह से आरोपी पुलिस को चकमा दे रहे थे।
दिल्ली पुलिस का कहना है अमन विहार इलाके में 16 दिसंबर 2022 को आधा दर्जन युवकों ने गीता शर्मा नामक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दरअसल गीता के बेटे दीपक ने दूसरे धर्म की युवती से शादी कर ली थी। इस बात से युवती का परिवार नाराज था।
घटना वाले दिन युवती के दो भाई सलमान और आमिर गीता शर्मा से बातचीत के बहाने उसके घर पहुंचे। वहां बातचीत के दौरान ही आरोपियों ने उसके सीने में गोली मार दी। बाद में आरोपी फरार हो गए। लोकल पुलिस ने हत्या, हत्या की साजिश रचने और अवैध हथियार का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
चार आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया, लेकिन अरमान और अजहर लगातार फरार चल रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया गया। इस बीच सूचना के बाद पुलिस की टीम ने अरमान को दिल्ली के मौजपुर तो अजहर को मुरादनगर, गाजियाबाद से दबोच लिया।