विपुल रेगे। अक्षय कुमार के लिए समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उनकी फिल्म राम सेतु के बारे में खबर आई है कि सह निर्माता लाइका प्रोडक्शन का दिया हुआ 30 करोड़ रुपये का चेक बाउंस हो गया है। बॉलीवुड हंगामा नामक वेब पोर्टल पर आई इस खबर के अनुसार राम सेतु का प्रोडक्शन संकट में आ गया है। उधर अक्षय कुमार ने ऐसी किसी खबर का खंडन किया है। अब फिल्म के निर्माता फंडिंग के लिए किसी अन्य प्रोडक्शन की खोज कर रहे हैं।
अक्षय कुमार की फिल्म राम सेतु पहले इस कारण से रोक दी गई क्योंकि अक्षय कुमार सहित यूनिट के कई सदस्य कोरोना संक्रमित हो गए थे। शूटिंग शुरु होते ही बंद हो गई। अब नया संकट फंडिंग का आ गया है। लाइका प्रोडक्शन वही है, जिसने अक्षय कुमार और रजनीकांत की बिग बजट फिल्म 2.0 में पैसा लगाया था।
लाइका प्रोडक्शन ने इसी वर्ष घोषणा की थी कि वह हिन्दी फिल्मों में पैसा लगाएगा। इसके लिए लाइका ने करण जौहर के साथ भी हाथ मिलाया था। अब समाचार आ रहे हैं कि लाइका के साथ जौहर की डील भी फेल हो गई है। अक्षय कुमार के साथ समस्या ये है कि इस कोविड काल में वे नया निर्माता कहाँ खोजेंगे। राम सेतु का एक अन्य निर्माता कैप ऑफ़ गुड फिल्म्स भी है।
सूत्रों के अनुसार ये अक्षय कुमार की ही बेनामी कंपनी है, जिसे अक्षय किसी और नाम से संचालित करते हैं। ये अधिकांश अक्षय की फिल्म में प्रोडक्शन का कार्य करते हैं। अक्षय कुमार के भाग्य की रेखाएं इन दिनों टेढ़ी चल रही हैं। उनकी पिछली फ़िल्में औसत ही चल सकी हैं। केसरी के बाद जैसे उनका ग्राफ नीचे जाने लगा है।
वे इतने विज्ञापन करने लगे हैं कि हर चौथे कमर्शियल में उनके दर्शन हो जाते हैं। एक सुपर सितारे को ये देखना होता है कि वह ओवर एक्सपोज न हो रहा हो। ऐसा होता है तो दर्शक की रुचि समाप्त होने लगती है। उनकी बड़े बजट की फ़िल्में रिलीज की प्रतीक्षा कर रही है। कोरोना संकट अभी कुछ और माह चलने वाला है।
सिनेमाघर अब आगामी नवरात्री तक ही समुचित ढंग से संचालित हो सकेंगे। ऐसे में अक्षय कुमार के लिए अपनी फिल्मों को ओटीटी पर प्रदर्शित करने की विवशता बन जाएगी। राम सेतु अक्षय कुमार का एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। फंडिंग की कमी से इसका रुक जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
क्या इसके लिए स्वयं बॉलीवुड उत्तरदायी नहीं है। संभवतः लाइका प्रोडक्शन ने बॉलीवुड की ढहती छवि के चलते अपने हाथ वापस खींच लिए हैं। उन्होंने करण जौहर के साथ भी एक डील निरस्त कर दी है। खाई में गिरते बॉलीवुड के भाग्य में एक टहनी का सहारा भी नहीं लिखा है।