अर्चना कुमारी । हाल के दिनों में सुरक्षा बलों में साथियों को गोली मारने की प्रवृत्ति बढ़ गई है और एक बार फिर दिल्ली स्थित हैदरपुर वाटर प्लांट के अंदर तैनात सिक्किम पुलिस के एक लांस नायक ने मानसिक रूप से परेशान होकर तीन साथी जवानों की अपनी सर्विस राइफल्स से गोली मारकर हत्या कर दी।
बाद में खुद समयपुर बादली थाने जाकर आरोपी ने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने प्रवीण राय नामक लांस नायक को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल राइफल्स को जब्त कर लिया । दिल्ली पुलिस ने सिक्किम पुलिस अधिकारियों को वारदात की जानकारी दे दी है।
मृतकों की पहचान कमांडर पिंटो नामग्याल भूटिया, कांस्टेबल धनहांग सुब्बा व इंदरा लाल छेत्री के रूप में हुई है। कमांडर पिंटो नामग्याल भूटिया 2012 के उसी बैच के थे , जिस बैच का आरोपी है। कांस्टेबल धनहंग सुब्बा और कांस्टेबल इंद्र लाल छेत्री 2013 बैच का था। दरअसल रोहिणी के के एन काटजू मार्ग पुलिस को सोमवार दोपहर करीब 3:00 बजे के वक्त एक पीसीआर कॉल मिली थी।
जिसमें बताया गया कि हैदरपुर जल शोधन सयंत्र में तैनात सिक्किम पुलिस के लांस नायक ने अपने तीन साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी है। बाद में उसने थाने में सरेन्डर कर दिया है। इस तरह की सूचना पर दिल्ली पुलिस के कर्मी तुरंत वॉटर प्लांट पहुंचें। जहां पर फर्श पर पिंटो नामग्याल भूटिया, धनहांग सुब्बा, इंदरा लाल छेत्री खून से लथपथ हालत में पड़े हुए थे।
जिनको तुरंत नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। बाद में शवों को बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल की मोर्चरी में शवों को सुरक्षित रखवा दिया। परिवार वालों के आने के बाद ही तीनों का पोस्टमार्टम होगा। पुलिस ने मृतको तथा आरोपियों के परिवार वालों को वारदात की जानकारी दे दी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी ने शुरूआती जांच में बताया है। वह दस दिन पहले ही वॉटर प्लांट में डयूटी के लिये आया था।
उसकी पहले से ही अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। जिसको लेकर वह काफी परेशान था। जब से वह आया था। तीनों उसको मानसिक रूप से काफी परेशान कर रहे थे। जिसके बारे में उसने अपने अधिकारियों से भी शिकायत की थी और तीनों को ऐसा नहीं करने की हिदायत भी दी थी। लेकिन तीनों उसकी चेतावनी को नजर अंदाज कर रहे थे।
दोपहर भी किसी बात को लेकर तीनों से उसकी बहसबाजी हुई थी। घटना के वक्त उसने अपनी पत्नी को कॉल किया और वह फोन नहीं उठा रही थी तथा इस दौरान उसके दोस्त चिढ़ा रहे थे। हाथापाई के बीच आरोपी लांस नायक ने अपनी सर्विस राइफल्स से तीनों को पास से गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर जब तक अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचते। तब तक लांस नायक ने नजदीक के समयपुर बादली थाने में जाकर सरेंडर कर मामले की जानकारी दी।