विपुल रेगे। अफ्रीका की जनजातियों का ब्रम्हांडीय ज्ञान भारत के समृद्ध ब्रम्हांडीय ज्ञान के कुछ सूत्रों के समान है। अफ्रीका के जनजातीय समूह मानते हैं कि इस संसार में मानव और हर वस्तु भी अनंत आध्यात्मिक जगत का हिस्सा है। ये एक दूसरे से अदृश्य रुप से जुड़ा हुआ है। अफ्रीकन कॉस्मोलॉजी मार्वल की ‘ब्लैक पैंथर’ सीरीज का एसेंस है। ब्लैक पैंथर का जन्म और उसकी शक्तियां अफ्रीकन कॉस्मोलॉजी से आती हैं। इसी के द्वारा वे दूसरे लोक में स्थित अपने पूर्वजों से संवाद कर पाते हैं। ब्लैक पैंथर का दूसरा भाग ‘वाकांडा फॉरएवर’ दिवंगत अभिनेता चैडविक बॉसमैन को सिनेमाई श्रद्धांजलि के रुप में प्रस्तुत किया गया है।
वाकांडा के नायक टिचाला की एक रहस्यमयी बीमारी ने जान ले ली है। उसकी मौत के बाद वाकांडा अनाथ हो गया है। अमेरिका और दूसरे देश कीमती धातु वाइब्रेनियम के लिए वाकांडा की सुरक्षा दीवार को भेद चुके हैं। इस बीच समुद्र की गहराइयों में रह रही एक सभ्यता को धरती के देशों से ख़तरा महसूस होता है। वे धरती पर वाकांडा से सहायता मांगने आते हैं।
सहायता न मिलने पर उस सभ्यता के मुखिया नेमोर के लोग शुरी को उठा ले जाते हैं। टिचाला की मौत के बाद शुरी ही वाकांडा की राजकुमारी है। इस संघर्ष में वाकांडा की महारानी रमोन्डा मारी जाती है। अब वाकांडा दुश्मन से घिरा है। वाकांडा के लोग मानते हैं कि टिचाला की मौत हो गई है लेकिन ब्लैक पैंथर की स्पिरिट अब भी जीवित है और उसे वापस लाया जा सकता है। ब्लैक पैंथर के दूसरे भाग ने विश्वभर में तूफानी स्टार्ट लिया है।
भारत में पहले दिन इसने बारह करोड़ से अधिक का कलेक्शन कर ‘ऊंचाई’ को झटका दे दिया। वास्तव में ब्लैक पैंथर की लोकप्रियता भारत में भी बहुत अधिक है। युवा और टीनएजर्स इसके दीवाने हैं। फिल्म एक एक्शन पैक्ड धमाका है और बहुत रोचक है। इस बार भी अफ्रीकन कॉस्मोलॉजी का भरपूर इस्तेमाल किया गया है। एक दृश्य में दिखाया गया है कि शुरी अपने भाई के वस्त्र जलाना नहीं चाहती।
अफ्रीकन कॉस्मोलॉजी कहती है कि मृतक अपनी वस्तुओं से अदृश्य रुप से जुड़ा रहता है इसलिए उससे जुड़ी वस्तुएं नष्ट कर देनी चाहिए। अंत में शुरी को अपने भाई के वस्त्रों को जलाते हुए बताया गया है। वैज्ञानिक शुरी को एक दिन अफ्रीकन मान्यताओं पर भरोसा करना ही पड़ता है। चूँकि पहले ब्लैक पैंथर के साथ दर्शक भावुकता के साथ जुड़े हुए थे, इसलिए वाकांडा फॉरएवर के लिए इमोशनल अपील कुछ अधिक थी।
फिल्म में एक नया विलेन प्रस्तुत हुआ है। नेमोर समुद्र की गहराइयों में रहता है। उसके पास भी वाइब्रेनियम का भंडार है। नेमोर को दर्शकों ने पसंद किया है। मार्वल यूनिवर्स में ये विलेन बहुत आगे तक जाएगा। नेमोर का किरदार टेनोक ह्युर्टा ने निभाया है। निःसंदेह इस शानदार शो के विजेता टेनोक ही रहे हैं। उनका किरदार पूरी फिल्म पर छाया हुआ है। मार्वल के वीएफएक्स फिल्म दर फिल्म बेहतर होते जा रहे हैं।
मार्वल की खूबी यही है कि वह निरंतर खुद में सुधार करता रहता है। इतने वर्ष शिखर पर रहने का यही तो रहस्य है। एक टाइट स्क्रीनप्ले पर दर्शनीय फिल्म बनाई गई है। जब ब्लैक पैंथर यूनिवर्स का हिस्सा न होकर एकल फिल्म में आता है, तो उसका जादू कुछ और ही होता है। अफ्रीका के जंगलों का काला चीता शिकार पर निकला है। भारत में इसने पहले दिन बारह करोड़ का शिकार किया है और चेता दिया है कि वह ‘ऊंचाई’ से किसी को भी गिरा सकता है।