विपुल रेगे। कन्नड़ फिल्म अभिनेता यश बहुत बड़े स्टार हैं। उनका असली नाम नवीन कुमार गौड़ा है। इस यश नाम ने ही उन्हें बड़ा ‘यश’ दिया है, ऐसा कतई नहीं है। यश को उनके अभिनय ने जितनी ख्याति दी है, उतनी ही उन कामों ने दी है, जिसका जिक्र वे सार्वजनिक रुप से नहीं करते हैं। हाल ही में यश के सह अभिनेता डेनियल बालाजी ने एक ऐसा खुलासा किया है, जिसको जानकर उनके प्रशंसकों के मन में उनके लिए सम्मान और बढ़ गया है।
ये लगभग चार साल पहले की बात है, जब डेनियल बालाजी को एक दिन यश का कॉल आया। यश चाहते थे कि डेनियल उनकी फिल्म में एक छोटा सा किरदार करें। डेनियल ने यश से क्षमा मांगते हुए कहा कि वे बीस दिन से पहले चेन्नै से हिल भी नहीं सकते। डेनियल ने बताया कि वे चेन्नै में एक मंदिर का निर्माण करवा रहे हैं, इस कारण फिल्म में काम नहीं कर सकेंगे। यश ने उधर से ओके कहा और दोनों में सामान्य बातचीत शुरु हो गई। बातचीत के दौरान ही डेनियल के मोबाइल पर एक मैसेज अवतरित हुआ।
मैसेज यश की ओर से था और उन्होंने कुछ पैसे भेजे थे। डेनियल ने यश से पूछा कि अब तक प्रोड्यूसर से मेरी बात नहीं हुई है, डेट्स तय नहीं हुई है तो उन्होंने पैसे क्यों भेज दिए। डेनियल ने ये भी पूछा कि कहीं यश तो फिल्म के प्रोड्यूसर नहीं हैं। यश ने जवाब में कहा कि वह पैसा उस मंदिर के लिए है, जो डेनियल बनवा रहे हैं। ये जानकर डेनियल अभिभूत हो गए और उन्हें पता चला कि यश एक बड़े दिल वाले इंसान हैं। यश का एक चेहरा और है, जो सब नहीं जानते। यश ने एक फाउंडेशन बनाया है।
उनके फाउंडेशन का नाम ‘यशोमार्ग’ है। यशोमार्ग परोपकार का कार्य कर रहा है। ये जानना कितना सुखद है कि ये कन्नड़ अभिनेता अपने फाउंडेशन के जरिये पानी और भारत की सांस्कृतिक विरासत के लिए कार्य कर रहा है। इनका फाउंडेशन लगातार आने वाले प्राकृतिक खतरों के प्रति आगाह करता है, साथ ही ज़मीन पर उतरकर कार्य कर रहा है। यालाबुर्गा तालुक में तल्लूर झील के विकास का कार्य यशोमार्ग फाउंडेशन ने ही करवाया था।
सागर तालुक की एक प्राचीन बावड़ी को फाउंडेशन ने ठीक करवाया। यशोमार्ग में युवाओं की एक टीम काम करती है। यश जैसे अभिनेता बिरले ही होते हैं जो अपने पैसे और अपनी प्रसिद्धि का उपयोग लोक कल्याण के लिए कर रहे हैं। सिनेमा में ऐसे बहुत से नाम हैं, जो परोपकार का कार्य कर रहे हैं लेकिन जल और सनातन विरासत के लिए कार्य करने वाले यश पहले अभिनेता हैं। साधुवाद नवीन कुमार गौड़ा।